विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जहां बननी थीं सड़कें और नालियां, वहां उगाई धान की फसल, IT सिटी की जमीन पर चल रहे खेल पर LDA का कड़ा एक्शन

Published: Tue, 13 Oct 2026 11:49 PM (IST)

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने सुलतानपुर रोड स्थित आईटी सिटी आवासीय योजना का औचक निरीक्षण किया, जहां विकास कार्यों की जगह धान की खेती पाई गई।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. एलडीए उपाध्यक्ष ने आईटी सिटी योजना का औचक निरीक्षण किया।

  2. विकास कार्यों की जगह योजना की जमीन पर धान की रोपाई मिली।

  3. लापरवाही पर रेवेन्यू इंस्पेक्टर बर्खास्त, चार इंजीनियरों को प्रतिकूल प्रविष्टि।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। एलडीए की सुलतानपुर रोड पर आइटी सिटी आवासीय योजना में जहां अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, सड़कें, नाली और सीवर लाइनें बिछनी थीं, वहां धान की रोपाई देखकर एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार भड़क गए। गंभीर लापरवाही मिलने पर अर्जन विभाग में आउटसोर्स पर तैनात रेवेन्यू इंस्पेक्टर सूर्य प्रकाश को नौकरी से कार्यमुक्त कर दिया। वहीं, अधिशासी अभियंता निशांत कुमार समेत चार इंजीनियरों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है।

मंगलवार को एलडीए उपाध्यक्ष आइटी सिटी योजना का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। योजना की जमीनों पर विकास कार्य होने के बजाय बड़े पैमाने पर धान की खेती की जा रही थी। सरकारी योजना पर इस तरह अवैध रूप से खेती होना अफसरों की लापरवाही माना। उन्होंने मौके पर ही अर्जन प्रभारी विपिन शिवहरे से पूरे मामले में जवाब तलब किया है।

विकास कार्य को रफ्तार देने का दिया अल्टीमेटम

एलडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि अधिशासी अभियंता निशांत चंद्र, एई विनीत शर्मा, एई गौरव और जेई उर्वशी श्रीवास्तव को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी किया है। उपाध्यक्ष ने मौके पर मौजूद नायब तहसीलदार तुलसीराम को भी जमकर फटकारा और 15 दिनों के भीतर विकास कार्य को रफ्तार देने का अल्टीमेटम भी दिया है।

इस आवासीय योजना को लैंड पूलिंग स्कीम के जरिए विकसित किया जा रहा है। योजना के तहत किसानों और भूस्वामियों से जमीन लेकर उन्हें विकसित भूखंड आवंटित हो रहे हैं लेकिन विकास कार्यों की धीमी चाल और अफसरों की अनदेखी से लगातार देरी हो रही है। उपाध्यक्ष की ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद मुख्य अभियंता मानवेंद्र सिंह पूरी टीम लेकर योजना में पहुंचे और कार्य तेज करने का आदेश दिया।

उपाध्यक्ष बोले, एक्सईएन से जेई बना देंगे

एलडीए उपाध्यक्ष ने मौजूद एक्सईएन निशांत चंद्र से कहा कि अभी प्रमोशन हुआ है। ऐसी लापरवाही पर दोबारा जेई बनाने में देर नहीं लगेगी, इसलिए कार्यप्रणाली में सुधार करने की हिदायत दी।

यह भी पढ़ें- नवरात्र में भर रही सरकार की तिजोरी, लखनऊ में 24 घंटे में रजिस्ट्री से इकट्ठा हुआ 6.40 करोड़ का राजस्व

इसके अलावा एक्सईएन अजीत कुमार को भी जमकर फटकारा। उपाध्यक्ष ने विकास कार्य में लापरवाही देखकर रेवेन्यू इंस्पेक्टर सूर्य प्रकाश व नायब तहसीलदार तुलसीराम को आइटी सिटी योजना की साइट से भगा दिया।