यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 27, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Lok Sabha Elections 2024: सीएम योगी आज से शुरू करेंगे प्रचार अभियान, 15 जिलों के सम्मेलनों से चुनावी जमीन करेंगे तैयार
Elections 2024 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार से चुनाव अभियान को लेकर पूरी तरह से सक्रिय नजर आएंगे। चुनावी रैलियों से पहले मुख्यमंत्री प्रबुद्ध सम् ...और पढ़ें

HighLights
- 27 से 31 मार्च तक पांच दिनों में 15 प्रबुद्ध सम्मेलनों में लेंगे भाग
- मुख्यमंत्री के प्रबुद्ध सम्मेलनों की शुरुआत 27 मार्च को मथुरा, मेरठ और गाजियाबाद से होगी
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार से चुनाव अभियान को लेकर पूरी तरह से सक्रिय नजर आएंगे। चुनावी रैलियों से पहले मुख्यमंत्री प्रबुद्ध सम्मेलनों के जरिये अलग-अलग जिलों में लोगों से संवाद करेंगे और सरकार के कामकाज का लेखा-जोखा साझा करेंगे। 27 से 31 मार्च तक 15 जिलों में प्रस्तावित सम्मेलनों के माध्यम से मुख्यमंत्री भाजपा के लिए चुनावी जमीन तैयार करेंगे।
मुख्यमंत्री के प्रबुद्ध सम्मेलनों की शुरुआत 27 मार्च को मथुरा, मेरठ और गाजियाबाद से होगी। वहीं, 28 मार्च को बिजनौर, मुरादाबाद और अमरोहा में उनका कार्यक्रम प्रस्तावित है। 29 मार्च को शामली, मुजफ्फरनगर व सहारनपुर और 30 मार्च को मुख्यमंत्री बागपत (मोदीनगर), बुलंदशहर और गौतमबुद्धनगर के प्रबुद्ध सम्मेलन में लोगों से संवाद करेंगे।
31 मार्च को मुख्यमंत्री बरेली, रामपुर और पीलीभीत में आयोजित सम्मेलन में वह भाग लेंगे। इन प्रबुद्ध सम्मेलनों के माध्यम से सीएम योगी प्रदेश सरकार के साथ-साथ केंद्र सरकार की उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे।
पहले तीन चरणों में पश्चिमी यूपी में होना है चुनाव
सीएम योगी के प्रबुद्ध सम्मेलनों की शुरुआत पश्चिमी उत्तर प्रदेश से हो रही है, जहां शुरुआती चरणों में चुनाव होना है। पहले चरण में 19 अप्रैल को सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, नगीना, मुरादाबाद, रामपुर और पीलीभीत में चुनाव होना है।
वहीं दूसरे चरण यानी 26 अप्रैल को अमरोहा, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़ और मथुरा में चुनाव होना है। सात मई को तीसरे चरण में संभल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं और बरेली में चुनाव की घोषणा हुई है।