IPL का शेड्यूल जारी: लखनऊ के इकाना स्टेडियम में 1 अप्रैल से अपने अभियान की शुरूआत करेगी LSG, इस टीम से होगा मुकाबला
आईपीएल 2026 के पहले चरण का कार्यक्रम जारी हो गया है। लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) 1 अप्रैल को इकाना स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपना अभियान शुरू ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, लखनऊ। राजधानी समेत प्रदेशभर के क्रिकेट प्रशंसकों का इंतजार आखिरकार खत्म हुआ। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की ओर से बुधवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें संस्करण में पहले चरण का कार्यक्रम जारी किया।
विश्व कप के समापन के बाद से खेलप्रेमी बेसब्री से लीग के आगामी सत्र की घोषणा की प्रतीक्षा कर रहे थे। पिछले सत्रों की तरह इस बार भी लखनऊ को दुनिया की सबसे बड़ी लीग के मुकाबलों की मेजबानी मिली है। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) अपने घरेलू मैदान अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में एक अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी, जबकि यहां दूसरा मुकाबला 12 अप्रैल को गुजरात टाइटंस से होगा।
पहले चरण के तहत एलएसजी को कुल चार मैच खेलने हैं, जिसमें दो मुकाबले घर और दो बाहर होंगे। लखनऊ लीग के अपने दूसरे मैच में सनराइजर्स हैदराबाद से भिड़ेगी, जो पांच अप्रैल को हैदराबाद में खेला जाएगा। इसके अलावा तीसरा मुकाबला कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ ईडेन गार्डेंस में खेला जाएगा।
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के सीईओ अंकित चटर्जी के मुताबिक, दर्शकों की तरह हमें भी मेजबानी का इंतजार था। पिछले सत्रों की तरह इस बार भी हम लीग के भव्य आयोजन में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। अभी तक हुए सभी संस्करणों के लगभग सभी मुकाबलों में इकाना स्टेडियम हाउसफुल रहता है। मुझे पूरा भरोसा है कि इस साल भी दर्शकों जोरदार समर्थन मिलेगा।
अच्छी शुरुआत के बाद गिरा प्रदर्शन
आईपीएल में सबसे महंगी टीम के रूप में शामिल होने वाली लखनऊ सुपरजायंट्स ने शुरुआत तो धमाकेदार की। एलएसजी ने अपने पहले दो सत्र (वर्ष 2022 और 2023) में शानदार प्रदर्शन कर प्लेऑफ में जगह पक्की की। हालांकि, नॉकआउट में टीम का सफर खत्म हो गया।
खबरें और भी
इसके बाद लखनऊ के प्रदर्शन में गिरावट आई। वर्ष 2024 और पिछले साल सुपर जायंट्स अंक तालिका में सातवें नंबर पर खिसक गया। टीम प्रबंधन ने पिछले साल आइपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी (27 करोड़) में विकेटकीपर बल्लेबाज रिषभ पंत को शामिल किया, लेकिन वह भी टीम की किस्मत नहीं बदल सके।
अब नए सत्र में लखनऊ को ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर बल्लेबाज जोश इंग्लिश के अलावा दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज नोट्जे से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी। अंकित चटर्जी ने बताया कि लखनऊ की टीम 15 मार्च को आ जाएगी और 16 से इकाना स्टेडियम में अभ्यास कैंप शुरू करेगी। टीम के साथ ग्लोबल डायरेक्टर व पूर्व ऑस्ट्रेलियाई हरफनमौला खिलाड़ी टॉम मूडी और हेड कोच जस्टिन लेंगर भी मौजूद रहेंगे।