लखनऊ के इटौंजा में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
इटौंजा के सिंघामऊ रोड पर एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। गंभीर रूप से घायल महिला अस्पताल में भर्ती है और पुलिस संदिग्ध ...और पढ़ें

HighLights
इटौंजा में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म।
ट्रक चालक पर अपहरण और दुष्कर्म का आरोप।
महिला गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच जारी।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। सिंघामऊ रोड पर स्थित एक गांव में सोमवार रात 70 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। महिला शौच के लिए घर से बाहर निकली थी, तभी एक ट्रक चालक ने उसे खेत में खींच लिया।
महिला ने शोर मचाया तो आरोपित ने उसे धमकी देते हुए मुंह में कपड़ा ठूस दिया और पिटाई की। चोटों के कारण महिला बेहोश हो गई, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
जब महिला होश में आई, तो उसने किसी तरह घर की ओर बढ़ना शुरू किया। उसके परिवार ने उसे खोजते हुए पाया और महिला ने पूरी घटना बताई। उसके बेटे ने इटौंजा पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और गंभीर हालत में महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। स्थिति नाजुक होने पर उसे राम सागर मिश्र अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ट्रक चालक घटनास्थल के पास एक निर्माणाधीन मकान में सीमेंट की खेप उतारने आया था। घटना के समय आसपास कुछ मजदूर भी मौजूद थे, जिनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है।
इस घटना ने क्षेत्र में महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और सीसी कैमरों के फुटेज की भी जांच की जा रही है।