लखनऊ में अपार्टमेंट वालों को तीन महीने में लेना होगा PNG कनेक्शन, रुक सकती है LPG आपूर्ति
तेल कंपनियों ने लखनऊ के 95 अपार्टमेंट को 90 दिनों में पीएनजी कनेक्शन लेने का अल्टीमेटम दिया है, अन्यथा एलपीजी आपूर्ति रोक दी जाएगी। ...और पढ़ें

HighLights
तेल कंपनियों ने शहर के 95 अपार्टमेंट को एलपीजी मुक्त करने के दिए निर्देश
पेट्रोलियम मंत्रालय की योजना पर काम, नेटवर्क में शतप्रतिशत कनेक्शन का लक्ष्य
जागरण संवाददाता, लखनऊ। फरवरी में जब ईरान युद्ध के कारण देश में एलपीजी संकट गहरा रहा था तब केंद्र सरकार ने आदेश जारी किया था जिसके अनुसार जहां पर पीएनजी का नेटवर्क है वहां लोगों को कनेक्शन लेना अनिवार्य होगा। नेटवर्क के बावजूद कनेक्शन नहीं लेने वालों को एलपीजी की आपूर्ति रोक दी जाएगी।
इसी आदेश के संदर्भ में तेल कंपनियों ने लखनऊ के 95 अपार्टमेंट में अगले 90 दिनों के भीतर पीएनजी कनेक्शन नहीं लेने वालों को एलपीजी की आपूर्ति रोकने का अल्टीमेटम दिया है। लखनऊ में पीएनजी की आपूर्ति करने वाली ग्रीन गैस लिमिटेड शहर के चुनिंदा अपार्टमेंट के आवासीय समितियों को कनेक्शन कराने के लिए पत्र जारी कर रहा है।
लखनऊ में करीब साढ़े सात लाख एलपीजी उपभोक्ता हैं और यह संख्या लगातार ब़ढ़ रही है। हालांकि शहर में 90 हजार पीएनजी कनेक्शन भी हैं इसके बावजूद एलपीजी सिलेंडरों की खपत में कमी नहीं आ रही है। मंत्रालय की योजना पर काम करते हुए ग्रीन गैस लिमिटेड ने शहर में 95 अपार्टमेंट ऐसे चिन्हित किए हैं जहां पर शत प्रतिशत कनेक्शन होने हैं। कंपनी के अधिकारी प्रवीण सिंह का कहना है कि यह वह अपार्टमेंट है जहां पर पीएनजी नेटवर्क पहले से है और एक साथ सैकड़ाें कनेक्शन की संभावना हैं।
अगर सभी अपार्टमेंट में शतप्रतिशत कनेक्शन के लक्ष्य को हासिल कर लिया जाए तो एलपीजी की खपत कम करने की दिशा में बड़ा कदम होगा अधिकारी के मुताबिक केवल छह हजार रुपये शुल्क जमा करके कनेक्शन लिया जा सकता है। पिछले सप्ताह ही तेल कंपनियों ने ग्रीन गैस से ऐसे अपार्टमेंट की सूची मांगी है।
खबरें और भी
इंडियन ऑयल के एक अधिकारी का कहना है कि इन अपार्टमेंट में एक निश्चित समय के बाद एलपीजी की आपूर्ति रोक दी जाएगी। तेल कंपनियों की चेतावनी के बावजूद अपार्टमेंट में कनेक्शन के लिए आवेदन करने में लोगों की दिलचस्पी नहीं नजर आ रही है।
इन इलाकों में है पीएनजी का नेटवर्क
गोमतीनगर के सभी खंड और विस्तार का इलाका। जानकीपुरम और जानकीपुरम विस्तार। रायबरेली रोड, अंसल, ओमेक्स, इंदिरा नगर के सभी सेक्टर। गौतम पल्ली, विक्रमादित्य मार्ग, गर्वनर हाउस, मेट्रो सिटी, निशातगंज, कैंट, आशियाना कालोनी, वृंदावन योजना, एलडीए कालोनी कानपुर रोड और सभी खंड, साउथ सिटी, शारदारनगर। अवध विहार और सभी खंड। विकासनगर और कुर्सी रोड। अलीगंज, महानगर, अयोध्या रोड, शहीद पथ और कानपुर रोड और राजाजीपुरम।