नशे के विवाद में दोस्तों ने की थी युवक की हत्या, चादर में बांधकर स्कूटी से ले गए थे लाश; ब्लाइंड मर्डर का राजफाश
लखनऊ के जी-20 चौराहे के पास नगराम निवासी सचिन तिवारी की हत्या कर शव जलाकर फेंकने के मामले में बुधवार को पुलिस ने उसके दोस्त निहाल समेत कुल दो लोगों को ...और पढ़ें
-1768409873247_m.webp)
HighLights
नशे में विवाद के बाद दोस्त ने की हत्या।
शव को चादर में लपेटकर स्कूटी से फेंका।
पेट्रोल डालकर जलाया गया था मृतक का शव।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। जी-20 चौराहे के पास नगराम निवासी सचिन तिवारी की हत्या कर शव जलाकर फेंकने के मामले में बुधवार को पुलिस ने उसके दोस्त निहाल समेत कुल दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पूछताछ में दोनों ने नशे में विवाद के बाद हत्या करने की बात कही है। हत्या में निहाल की मां और एक अन्य आरोपित भी शामिल था। पुलिस उनकी भी तलाश कर रही है।
सुशांत गोल्फ सिटी थाने में नगराम के टिकरा जुगरात निवासी विपिन तिवारी ने अपने 25 वर्षीय भाई सचिन तिवारी की हत्या के आरोप में दोस्त निहाल और उसके अन्य साथियों पर मुकदमा दर्ज कराया था। इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि सचिन तिवारी अपने घर से निहाल के साथ निकले थे।
छानबीन में सामने आया कि सचिन तेलीबाग के नेपालगंज निवासी निहाल वाल्मीकि के साथ उसके घर गए थे। साथ में आरोपित विनय शर्मा भी था। रात में नशे की बात को लेकर सचिन और निहाल में विवाद हुआ। इसके बाद निहाल ने आंगन में रखे गमले से सचिन पर वार कर दिया। सचिन अचेत हो गया तो निहाल ने उसके पैर पकड़े और दूसरे साथी ने रसोई घर में रखे चाकू से सचिन का गला रेत दिया। चोट और अधिक रक्तस्राव से सचिन की मौत हो गई।
निहाल की मां कल्पना चादर लेकर आई और शव उसी में लपेट दिया। आरोपितों ने सचिन के कपड़े भी बदल दिए। हत्या के बाद निहाल ने अपने ममेरे भाई करन वाल्मीकि को स्कूटी लेकर बुलाया। चादर में लिपटा शव दोनों लोग स्कूटी पर आगे रखकर ठिकाने लगाने के इरादे से जी-20 चौराहे के पास पहुंचे और झाड़ियों में शव फेंक दिया। कुछ देर बाद नीलमथा इलाके में पेट्रोल लेने गए लेकिन पंपकर्मियों ने बोतल में पेट्रोल देने से मना कर दिया।
निहाल ने स्कूटी में 100 रुपये का पेट्रोल डलवाया फिर शव के पास पहुंचा। मफलर स्कूटी की टंकी में डालकर उसे पेट्रोल में डुबोकर निकाला। पेट्रोल निचोड़कर बोतल में भरा और फिर शव पर डालकर उसे जला दिया था। डीसीपी निपुण अग्रवाल ने बताया कि पांच टीमों की मदद से हत्या का राजफाश किया गया है। आरोपित निहाल, उसके साथी करन को गिरफ्तार किया गया है। आरोपितों के पास से चाकू, स्कूटी और सचिन के कपड़े, मोबाइल फोन मिले हैं। निहाल की मां कल्पना और दोस्त विनय की तलाश जारी है।
खबरें और भी
निहाल की मां ने साफ किया था खून, छिपाए थे कपड़े
छानबीन में पता चला कि हत्या के बाद निहाल और उसका दोस्त शव ठिकाने लगाने के लिए निकल गए थे। घर में कई जगह खून पड़ा था। इसे निहाल की मां ने साफ कर दिया। सचिन के पुराने कपड़े भी निहाल की मां ने ही छिपाए थे।