कमर्शियल सिलिंडर रोक हटने के बावजूद नहीं मिल रहे, कारोबारी परेशान; होटल-रेस्टोरेंट पर भी संकट बरकरार
सरकार द्वारा रोक हटाने के बावजूद लखनऊ में वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों की किल्लत जारी है। पांच सौ से अधिक औद्योगिक इकाइयां, होटल और रेस्तरां संकट का साम ...और पढ़ें

HighLights
रोक हटने पर भी वाणिज्यिक एलपीजी सिलिंडर नहीं मिल रहे।
लखनऊ के उद्योग, होटल, रेस्तरां गंभीर संकट में।
एजेंसियां बुकिंग नहीं कर रहीं, उपभोक्ता परेशान।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। भले ही सरकार ने कमर्शियल सिलिंडर से रोक हटा दी हाे लेकिन इसके बावजूद आसानी से मिल नहीं रहे हैं। शहर में पांच सौ से अधिक औद्योगिक इकाइयां तो एलपीजी की किल्लत से जूझ ही रही हैं दूसरे कई सेक्टर भी बंदी की कगार पर हैं।
होटल संचालकों से लेकर रेस्टोरेंट और तमाम दूसरे कारोबार एलपीजी संकट से जूझ रहे हैं। कारोबारियों का कहना है कि कमर्शियल सिलिंडरों की उपलब्धता को लेकर असमंजस बना हुआ है। सरकार के दावों के बावजूद एजेंसियां सिलिंडरों की बुकिंग नहीं कर रही हैं।
इंडियन इंडस्ट्री एसोसिएशन के चेयरमैन विकास खन्ना का कहना है कि लखनऊ में सैकड़ों इकाइयां कमर्शियल सिलिंडरों का प्रयोग करती हैं। जब से लड़ाई शुरू हुई है तब से कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। अब तो यह हाल है कि अधिकांश इकाइयों में प्रोडक्शन या तो बंद हो गया है या फिर कगार पर है। जल्द ही सरकार को इस दिशा में कदम उठाना चाहिए।
हजरतगंज में रेस्टोरेंट संचालक जोली भार्गव का कहना है कि कई दिनों से सिलिंडर के लिए प्रयास कर रहा हूं लेकिन एजेंसी में बुकिंग ही नहीं हो पा रही है। सिलिंडर नहीं होने पर रेस्टोरेंट बंद करने के अलावा कोेई रास्ता नहीं है।
खबरें और भी
बुकिंग के बाद भी नहीं मिला सिलिंडर, सीएम से की शिकायत
कुर्सी रोड स्थित नेवाजपुर में रहने वाले कैलाश भटट सेना से रिटायर हैं। कैलाश का कहना है कि इंटीग्रल विवि स्थित गैस एजेंसी में 14 मार्च को बुकिंग कराई थी। बुकिंग के बाद जब वह एजेंसी पहुंचे तो वहां कर्मचारी ने यह कहते हुए उनका बुकिंग का मैसेज डिलीट कर दिया कि उनका आवास ग्रामीण क्षेत्र में आता है, इसलिए बुकिंग 45 दिन बाद ही हो सकती है।
कैलाश का आरोप है कि कर्मचारी द्वारा मैसेज डिलीट करने की शिकायत जिलापूर्ति अधिकारी से की तो उन्होंने भी अनसुना कर दिया। सिलिंडर मिलने के बजाए एजेंसी कर्मचारी मेरे घर जांच करने पहुंच गया कि कहीं मैं कालाबाजारी तो नहीं कर रहा। कैलाश का कहना है कि उन्होंने इस पूरे मामले की रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय में की है।
आपूर्ति पर नजर, बैकलाग बन रहा समस्या
प्रशासन का दावा है कि एलपीजी को लेकर स्थिति अब थोड़ी सामान्य होती दिख रही है। हालांकि अभी भी लोग पैनिक बुकिंग करा रहे हैं लेकिन कुछ कमी आ रही है। राजधानी में सामान्य दिनों में चालीस से पचास हजार सिलिंडर की आपूर्ति अचानक बढ़कर एक समय चार लाख को पार कर गई थी।
जिलापूर्ति अधिकारी विजय प्रकाश का कहना है कि बैक लाग को खत्म किया जा रहा है। जो भी नई बुकिंग हा रही हैं उनको भी तीन से चार दिन में सिलिंडर मिल रहे हैं। तेल कंपनियों की आपूर्ति लगातार बनी हुई है।