लखनऊ में ट्रैक्टर-ट्रॉली ने रौंदा डिलीवरी ब्वॉय, वृंदावन कॉलोनी में दर्दनाक हादसा
लखनऊ के वृंदावन कॉलोनी में ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से 21 वर्षीय डिलीवरी ब्वॉय नितिन चौरसिया की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर समेत फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। रायबरेली रोड स्थित वृंदावन कालोनी सेक्टर-12 में सोमवार रात ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से बाइक सवार 21 वर्षीय डिलीवरी ब्वाय की मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्राली लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के बाद शव काफी देर तक सड़क पर पड़ा रहा। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
मोहनलालगंज के मेरख नगर निवासी नितिन चौरसिया सोमवार रात करीब 10:15 बजे बाइक से डिलीवरी का आर्डर लेकर जा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान उल्टी दिशा से सामने से आ रही ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्राली से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि नितिन का सिर ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गया। गंभीर रूप से घायल नितिन को आसपास के लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस की मदद से ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे के बाद करीब एक घंटे तक शव सड़क पर पड़ा रहा। इसी दौरान एक राहगीर ने शव के सिर पर कपड़ा डाल दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
नितिन डिलीवरी ब्वाय का काम कर परिवार के खर्च में मदद करते थे। उनके पिता खेती करते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। छोटा भाई पढ़ाई कर रहा है।
सीसीटीवी से चालक की तलाश
इंस्पेक्टर पीजीआइ सुनील सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर चालक वाहन समेत फरार है। आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार हादसे के समय नितिन के हेलमेट न पहनने की बात भी सामने आई है।
