विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Lucknow Vegetables Price Rise: लखनऊ में दाल, अनाज और सब्जियों के दाम बढ़े, जानें आलू-प्याज का नया रेट

Updated: Wed, 26 Aug 2026 07:53 AM (IST)

बारिश के कारण लखनऊ में सब्जियों की आवक घटने और खराब होने से दाम 20-30% बढ़े हैं, प्याज 50% महंगा हुआ। अरहर दाल, मटर और मोटे अनाज के दामों में भी तेजी आई है, हालांकि चावल के दाम कुछ गिरे हैं।

प्याज चालीस रुपये से बढ़कर साठ रुपये प्रति किलोग्राम पहुंचा। जागरण

प्याज चालीस रुपये से बढ़कर साठ रुपये प्रति किलोग्राम पहुंचा। जागरण

HighLights

  1. बारिश से सब्जियों की आवक घटी, दाम 20-30% बढ़े।

  2. प्याज 50% महंगा होकर 60 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंचा।

  3. अरहर दाल, मटर, मोटे अनाज के दाम भी बढ़े।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। बारिश के कारण अलग-अलग जिलों व राज्यों से आने वाली सब्जियों का आना कम हो गया है, जो सब्जी आ भी रही है, उसमें काफी सब्जी खराब निकल रही है, जिसका असर दामों पर दिख रहा है। हरी सब्जी के दाम बीस से तीस प्रतिशत तक बढ़े हैं। आलू के दाम नहीं बढ़े हैं। बाजार में आलू पर्याप्त मात्रा में है और बीस रुपये प्रति किलोग्राम बिक रही है। सबसे अधिक खपत बाजार में आलू की है।

प्याज के दामों में पचास प्रतिशत की बढ़ोत्तरी प्रति किलोग्राम हो गई है। 35 रुपये प्रति किलोग्राम बिकने वाला प्याज पहले 40 रुपये प्रति किलोग्राम हुआ और वर्तमान में साठ रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गया है। प्याज के दाम सावन में बढ़ने से सब्जी व्यापारी परेशान है। क्योंकि सावन में प्याज की खपत चालीस प्रतिशत तक कम हो जाती है।

28 अगस्त से एक बार फिर इनकी खपत ज्यादा शुरू हो जाएगी, क्योंकि सावन खत्म हो रहा है। ऐसे में प्याज के दाम बढ़ने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है। उधर सब्जी विक्रेता विकास का कहना है कि सब्जी बरसात में जल्द खराब हो रही है। इससे सब्जी विक्रेताओं को जो मुनाफा होता था, वर्तमान में नहीं हो रहा है।

image - 2026-08-26T073240.421

AI Image


अरहर दाल, मटर व मोटे अनाज के दामों में उछाल
बाजार में सब्जियाें के साथ ही दाल, मटर व मोटे अनाज के दामों में भी तेजी है। अरहर दाल के दाम दो दिन में चार रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ गए हैं। लखनऊ व्यापार मंडल के चेयरमैन व पांडेयगंज गल्ला मंडी के अध्यक्ष राजेन्द्र अग्रवाल ने बताया अरहर दाल के दाम चार रुपये बढ़ने के साथ ही अब 118 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। अभी तक दाल 114 रुपये प्रति किलोग्राम थोक में चल रही थी। थोक में ही जो मटर 49 रुपये में थी वह 51 रुपये और जो मटर 51 रुपये में थी वह अब 53 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गई है। मोटे अनाज के कुछ आइटमों में तेजी है।

यह भी पढ़ें- UP Weather Today: यूपी में आज भी बारिश का दौर, पूर्वांचल में तेज बौछार के आसार; लखनऊ में छाए रहेंगे बादल

इनमें मक्का का टुकड़ा 31 रुपये से बढ़कर 32.50 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गया है। थोक में ही काकून जो 46 रुपये से बढ़कर 47 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गई है। जौ की गूदी 36 रुपये प्रति किलोग्राम चल रही थी इसमें दो रुपये की तेजी है और यह 38 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गई है।

रागी के दाम स्थिर हैं और बाजरे के दाम में पचास पैसे की तेजी है। उधर सांभा मंसूरी चावल के दाम गिरे हैं। अग्रवाल के मुताबिक 48 रुपये वाला चावल दो रुपये गिरकर 46 रुपये प्रति किलोग्राम और सांभा स्टीम जो 54 रुपये चल रहा था, उसके दाम 52 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गए हैं।