विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब घर का सपना होगा साकार, मिलेगी सामाजिक सुरक्षा; एसिड पीड़ितों और गिग वर्करों ने आवास की घोषणा का किया स्वागत

Published: Wed, 10 Jun 2026 07:49 PM (IST)

सरकार के एसिड पीड़ितों और गिग वर्करों को आवास व सामाजिक सुरक्षा देने के फैसले का स्वागत किया गया है। ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. एसिड पीड़ितों और गिग वर्करों को आवास मिलेगा।

  2. सरकार के फैसले से सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

  3. यह कदम सम्मानजनक जीवन और आत्मनिर्भरता देगा।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। सरकार द्वारा एसिड पीड़ितों और गिग वर्करों को आवास और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के निर्णय का स्वागत किया है। वर्षों से असुरक्षा और आर्थिक चुनौतियों के बीच जीवन यापन कर रहे इन लोगों को अब उम्मीद की नई किरण दिखाई दे रही है। उनका कहना है कि यह फैसला न केवल उन्हें सम्मानजनक जीवन देगा, बल्कि भविष्य को लेकर विश्वास भी बढ़ाएगा। सरकार की यह पहल उन्हें केवल आर्थिक सहायता ही नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की नई उम्मीद भी देगी।

गोमतीनगर स्थित शिरोज हैंगआउट में कार्यरत एसिड पीड़िता रुपाली कहती हैं कि हम जैसे लोगों के लिए सबसे बड़ी चिंता सुरक्षित और स्थायी आवास की होती है। किराए के घर में रहते हुए हमेशा भविष्य की चिंता सताती थी। सरकार के इस फैसले से मुझे लग रहा है कि अब मेरा भी अपना घर हो सकता है। यह केवल एक मकान नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और सुरक्षा का एहसास है।

गरिमा ने बताया कि एसिड अटैक के बाद जिंदगी को फिर से पटरी पर लाना आसान नहीं था। कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। सरकार द्वारा आवास और सुरक्षा देने का निर्णय हमारे लिए बहुत बड़ी राहत है। इससे हम आत्मनिर्भर बनने की दिशा में और मजबूती से आगे बढ़ सकेंगे।

अस्मा ने कहा कि मैं सरकार का धन्यवाद करती हूं कि उसने हमारे बारे में सोचा। घर हर व्यक्ति का सपना होता है। अब यह सपना सच होने की उम्मीद जगी है। इससे समाज में भी हमारा आत्मविश्वास बढ़ेगा और हम सम्मान के साथ जीवन जी सकेंगे।
रेशमा का कहना है कि हमने जीवन में बहुत संघर्ष देखा है। स्थायी आवास मिलने से सबसे बड़ी चिंता दूर होगी। सरकार का यह कदम हमारे जैसे लोगों के लिए नई शुरुआत साबित होगा।

गिग वर्कर आलमबाग निवासी वैभव ने कहा कि आनलाइन डिलीवरी और अन्य गिग कार्यों में नौकरी की कोई स्थायी गारंटी नहीं होती। सामाजिक सुरक्षा और आवास की सुविधा मिलने से हमारे परिवार का भविष्य अधिक सुरक्षित होगा।

भिलावां के शिवम ने कहा कि गिग वर्कर दिन-रात मेहनत करते हैं, लेकिन उनके लिए सुरक्षा का कोई मजबूत ढांचा नहीं था। सरकार का यह फैसला हमारे काम को सम्मान देने वाला है। इससे लाखों युवाओं को लाभ मिलेगा। एलडीए कालोनी के शानू उस्मानी ने कहा कि मैं सरकार के इस निर्णय का स्वागत करता हूं। आवास और सामाजिक सुरक्षा मिलने से गिग वर्करों की जिंदगी में स्थिरता आएगी। अब हमें यह भरोसा होगा कि कठिन समय में भी हमारे साथ एक सुरक्षा कवच मौजूद है।