लखनऊ: भाजपा नेता की हत्या मामले में CCTV से मिले अहम सुराग, चार आरोपियों की तलाश में पुलिस
लखनऊ के विभूतिखंड स्थित जलवा क्लब के बाहर भाजपा नेता शिवम सिंह की हत्या मामले में पुलिस ने चार और संदिग्ध आरोपियों की पहचान की है। ...और पढ़ें

भाजपा नेता शिवम सिंह की पिछले दिनों हो गई थी हत्या।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, लखनऊ। विभूतिखंड स्थित जलवा क्लब के बाहर भाजपा नेता शिवम सिंह की हत्या के मामले में पुलिस जांच लगातार आगे बढ़ रही है।
अब तक की तफ्तीश में पुलिस ने चार और संदिग्ध आरोपियों को चिह्नित किया है। सीसी फुटेज और गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर इनकी पहचान की गई है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
विभूतिखंड पुलिस के अनुसार, हत्याकांड के मुख्य आरोपित और 25 हजार रुपये के इनामी अनुज सिंह को चंदौली के मुगलसराय क्षेत्र से गिरफ्तार किया जा चुका है। उसके कब्जे से एक तमंचा भी बरामद हुआ था। इसके अलावा विभूतिखंड पुलिस इस मामले में अलीगंज निवासी शांतनु उर्फ अंकित रावत, हनी तिवारी उर्फ विवेक तथा आजमगढ़ निवासी विवेक सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
जांच के दौरान पुलिस ने जलवा क्लब और उसके आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में सामने आया कि घटना के समय गिरफ्तार आरोपितों के अलावा कुछ अन्य युवक भी मौके पर मौजूद थे।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ और फुटेज के आधार पर चार अन्य संदिग्धों की पहचान कर ली है। उनकी तलाश में तीन विशेष टीमें लगाई गई हैं। अयोध्या जिले के रौनाही थाना क्षेत्र के रामनगर धौरहरा निवासी शिवम सिंह भारतीय जनता युवा मोर्चा की जिला कमेटी के सदस्य थे।
वह 25 मई की रात अपने दोस्तों निलेश, जीशान और एक अन्य साथी के साथ विभूतिखंड स्थित जलवा क्लब में पार्टी करने आए थे। 26 मई की सुबह करीब तीन बजे क्लब से बाहर निकलने के दौरान सिगरेट पीने को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि इसी विवाद में हमलावरों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर शिवम की हत्या कर दी थी। हाईप्रोफाइल हत्याकांड को लेकर मुख्यमंत्री स्तर तक नाराजगी जताई गई थी।
खबरें और भी
इसके बाद एसीपी विभूतिखंड विनय द्विवेदी, तत्कालीन इंस्पेक्टर अमर सिंह समेत दो उपनिरीक्षकों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें हटाया गया था। डीसीपी पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि मामले में कुछ और लोगों की पहचान की गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।