Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बाइक से साइकिल छूने पर की गई थी मजदूर की हत्या, पुल‍िस ने दो आरोप‍ियों को क‍िया गिरफ्तार

    Updated: Wed, 04 Feb 2026 05:58 PM (IST)

    लखनऊ में किसान पथ के मुल्ला खेड़ा गांव के पास 40 वर्षीय मजदूर संतराम की हत्या दो परिचितों ने बाइक में साइकिल छू जाने के बाद की थी। बुधवार को पुलिस ने घ ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. किसान पथ के मुल्ला खेड़ा गांव के पास हत्या कर फेंका गया था श

    2. पैसे के लेनदेन को लेकर भी एक आरोपित से थी रंजिश

    जागरण संवाददाता, लखनऊ। किसान पथ के मुल्ला खेड़ा गांव के पास 40 वर्षीय मजदूर संतराम की हत्या दो परिचितों ने बाइक में साइकिल छू जाने के बाद की थी। बुधवार को पुलिस ने घटना का राजफाश करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से घटना में इस्तेमाल बाइक भी बरामद हुई है। दोनों ने हत्या करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने कोर्ट में पेश कर दोनों को जेल भेज दिया।

    मुल्ला खेड़ा गांव निवासी संतराम सोमवार की शाम घर से निकले थे। मंगलवार की सुबह उनका लहूलुहान शव किसान पथ के पास खाली प्लाट में पड़ा मिला था। उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें थी और पास में खून से सनी एक ईंट पड़ी हुई थी। छोटे भाई मस्तराम ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ सिर कूचकर हत्या करने के आरोप में सुशांत गोल्फ सिटी थाने में मुकदमा दर्ज कराया।

    अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिण (एडीसीपी) आर वसंथ कुमार ने बताया कि छानबीन के दौरान टीम ने सीसी फुटेज चेक किए तो इसमें एक संदिग्ध स्प्लेंडर प्लस बाइक नजर आई। पूछताछ में पता चला कि बाइक बुद्धूखेड़ा निवासी दीपक कुमार की थी। पुलिस ने शक के आधार पर दीपक को पकड़ा। पूछताछ में उसने कटरा बक्कास गांव निवासी साथी सुशील के साथ हत्या करने की बात स्वीकार की। आरोपितों ने बताया कि दो फरवरी की रात दोनों बाइक से जा रहे थे।

    इसी बीच संतराम की साइकिल मुल्ला खेड़ा गांव के पास उनकी बाइक से छू गई। इस पर संतराम ने गाली दे दी थी। दोनों बाइक से आगे बढ़ गए लेकिन फिर लौट कर आए और ईंट से सिर कूचकर संतराम की हत्या कर शव प्लाट में फेंक दिया। इसके बाद दोनों बुद्धूखेड़ा चले गए। पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों आरोपित सो रहे थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया। दीपक की निशानदेही पर बाइक भी बरामद हुई है।


    सुशील से लिए थे रुपये

    छानबीन में पता चला कि संतराम ने आरोपित सुशील से दो वर्ष पहले 17 हजार रुपये लिए थे। संतराम ने रुपये वापस नहीं किए थे इस बात को लेकर भी सुशील से कई बार विवाद हुआ था। पुलिस ने बताया कि सुशील और दीपक दोनों आपस में दोस्त हैं।

    खबरें और भी