Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    लखनऊ में पांच अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर, एलडीए की कार्रवाई में होटल रेनेसां का स्टोर सील

    Updated: Wed, 15 Jul 2026 03:55 PM (IST)

    एलडीए ने गोमती नगर के होटल रेनेसां में साइड सेटबैक में बने अवैध स्टोर को सील किया। साथ ही, बीकेटी क्षेत्र में 20 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही पांच अवै ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. होटल रेनेसां के साइड सेटबैक में बने अवैध स्टोर को सील किया।

    2. बीकेटी में 20 बीघा क्षेत्रफल की पांच अवैध प्लाटिंग ध्वस्त।

    3. एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर हुई यह कार्रवाई।

    जागरण संवाददाता, लखनऊ। एलडीए ने अब गोमती नगर के होटल रेनेसां में साइड सेटबैक में अवैध तरीके से बने स्टोर को मंगलवार को सील कर दिया। इसके अलावा बीकेटी क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ अभियान चलाया गया। जहां लगभग 20 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही पांच अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया गया।

    एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने शहर में होटल, बैंक्वेट हाल, कोचिंग सेंटर, हास्पिटल समेत अन्य बहुमंजिला इमारतों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच का आदेश दिया था।

    इसके अनुपालन में एलडीए व अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने शहर में अभियान चलाकर विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया था। इसी क्रम में गोमती नगर स्थित होटल रेनेसां में भी जांच की गयी थी, जहां गंभीर अनियमितताएं पाई गई थीं।

    प्रवर्तन जोन-एक के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया, होटल रेनेसां को लीज पर आवंटित की गई ग्रीन बेल्ट की जमीन के नीचे एक भाग में अवैध रूप से बेसमेंट का निर्माण किया गया है।

    इसके अलावा साइट सेटबैक में अवैध रूप से स्टोर का निर्माण पाया गया। इस पर निदेशक, डीआर होटल (रेनेसां) के खिलाफ नोटिस जारी की गई थी। प्रकरण में संबंधित साक्ष्य प्रस्तुत न करने पर विहित प्राधिकारी न्यायालय ने सीलिंग करने का आदेश दिया था।

    टीम के साथ मौके पर पहुंचे प्रवर्तन जोन-एक के सहायक अभियंता रविशंकर राय, अवर अभियंता विपिन बिहारी राय व राहुल विश्वकर्मा ने साइड सेटबैक में बने अवैध स्टोर को सील कर दिया।

    जोनल अधिकारी ने बताया कि ग्रीन बेल्ट में बने अवैध बेसमेंट को खाली करने के लिए होटल प्रबंधन ने समय की मांग किया था। जिस पर उन्हें 24 घंटे की मोहलत दी गई है। इसके बाद अवैध बेसमेंट को भी सील किया जाएगा।

    खबरें और भी

    इसी तरह प्रवर्तन जोन-पांच के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि बीकेटी के ग्राम-भैसामऊ व डिगोई में अभियान चलाया गया। इस दौरान रवि कुमार, राकेश, रविंदर, राम किशोर यादव, संजय, शैलेंद्र सिंह व अन्य द्वारा लगभग 20 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही पांच अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया।