यूपी में बर्थडे पार्टी की बुकिंग के बहाने बुलाकर फोटोग्राफर से लूटा 15 लाख का सामान, दोस्त पर भी शक
बदमाशों ने इटौंजा में बर्थडे पार्टी की बुकिंग के बहाने एक फोटोग्राफर और उसकी टीम से असलहे के दम पर 15 लाख रुपये का वीडियोग्राफी उपकरण लूट लिया। पुलिस ...और पढ़ें
-1780449100070_m.webp)
इटौंजा में लूट की घटना से संबंधित पीड़ित अशोक यादव।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, इटौंजा। इटौंजा क्षेत्र में बदमाशों ने बर्थडे पार्टी की वीडियोग्राफी की बुकिंग के बहाने एक फोटोग्राफर और उसकी टीम को सुनसान स्थान पर बुलाकर असलहे के दम पर सामान लूट लिया। बदमाश छह कैमरे, सात लेंस, दो गिंबल और मोबाइल फोन समेत करीब 15 लाख रुपये का उपकरण लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं मामले में पीड़ित ने अपने एक साथी पर भी संदेह जताया है।
वीडियोग्राफी करने वाले माल के चंदवारा ग्राम पंचायत के मजरा रानीखेड़ा निवासी अशोक यादव ने पुलिस को बताया कि रविवार रात उसे आशू नामक युवक की ओर से वाट्सएप के जरिए बर्थडे पार्टी की शूटिंग की बुकिंग मिली थी। एडवांस में पांच हजार रुपये भी भेजे गए थे।
वह अपने साथियों सनी, शशांक गुप्ता, सचिन गौतम और रोहन कुमार के साथ कार से निर्धारित स्थानइटौंजा-माल रोड पर हीरापुरवा तिराहे के पास नीलांश वाटर थीम पार्क के नजदीक पहुंची, तभी दो बाइक पर सवार चार युवक वहां आ गए।
बदमाशों ने कार को रुकवाकर तमंचा तान दिया और सभी को धमकाते हुए छह पेशेवर कैमरे, सात लेंस, दो गिंबल व मोबाइल फोन लूट लिए। आरोपित अकड़रिया कला गांव की ओर फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसे अपने साथी रोहन कुमार पर भी शक है।
खबरें और भी
उसका कहना है कि रोहन चार वर्षों से उसके साथ काम कर रहा था और उसने ही बुकिंग की पूरी प्रक्रिया संभाली थी। घटना वाले दिन वह खुद कार चलाने की जिद कर रहा था। लोकेशन पर पहुंचने के बाद उसने कार रोक दी और शीशे भी खोल दिए थे, जिससे संदेह और गहरा गया है।
इटौंजा पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस उपायुक्त उत्तरी गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू कर दी है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा किया है।