हवाई मार्ग से गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा: लखनऊ में पकड़े गए अंतरराष्ट्रीय तस्कर, गोरखपुर समेत कई जिलों में फैला था नेटवर्क
पुलिस ने बैंकाक से हवाई मार्ग के जरिए लखनऊ में गांजा तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके पास से भारी ...और पढ़ें
-1778128444503_m.webp)
आर्गेनिक गांजा तस्करी करने वाले पांच आरोपित हुसैनगंज पुलिस ने किए गिरफ्तार। पुलिस
HighLights
बैंकाक से हवाई मार्ग के जरिए गांजा तस्करी करने वाला गिरोह पकड़ा गया।
पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर गांजा और वाहन जब्त किया।
लखनऊ के चारबाग क्षेत्र में हुई यह बड़ी कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। पुलिस ने बैंकाक से हवाई मार्ग के जरिये गांजा तस्करी कर राजधानी लखनऊ लाने और उसे ऊंचे दामों पर बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो किलो 700 ग्राम उच्च श्रेणी का गांजा, पांच किलो सामान्य गांजा, आठ मोबाइल फोन और एक स्कार्पियो वाहन बरामद किया है।
हजरतगंज के सहायक पुलिस आयुक्त विकास जायसवाल ने बताया कि मिली सूचना के आधार पर हुसैनगंज पुलिस ने चारबाग स्थित बाल विद्या मंदिर के पास स्कार्पियो सवार पांच लोगों को पकड़ा। इनकी पहचान गोरखपुर के कान्हापारा बासगंज निवासी प्रियांशू तिवारी, गोरखपुर के गोला निवासी राहुल शर्मा, गुजरात के कढ़ी मैसाना निवासी बृजेश राठौर, गोरखपुर के कोलहरिया निवासी रविकांत त्रिपाठी, गोरखपुर के कुरवा बाजार निवासी दीपक त्यागी के रूप में हुई।
रविकांत वर्तमान में कोलकाता के कोन नगर में रह रहा था। पूछताछ में पता चला कि रविकांत ने बैंकाक में चार मई को बृजेश को गांजे की खेप देकर लखनऊ भेजा था और खुद अलग से लखनऊ पहुंच गया था। पांच मई को बृजेश हवाई अड्डे पर गांजा लेकर पहुंचा, जहां राहुल शर्मा पहले से मौजूद था। इसके बाद सभी साथी एकत्र हुए और दीपक की मदद से पांच किलो गांजा दिल्ली भेजने की तैयारी कर रहे थे।
यह भी पढ़ें- 'एक जिला एक व्यंजन' की सूची में मांसाहारी स्वाद शामिल नहीं, कबाब-बिरयानी को अभी इंतजार
रात में दीपक को बस में बैठाने के लिए जाते समय पुलिस ने सभी को दबोच लिया। गिरोह बैंकाक से करीब दस लाख रुपये प्रति किलो की दर से गांजा खरीदकर भारत में एक करोड़ रुपये प्रति किलो तक बेचता था। थाना प्रभारी शिव मंगल सिंह ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जांच की जा रही है।