विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ के इन 14 नए रूटों पर दौड़ेंगी 300 इलेक्ट्रिक बस, यूपी के अन्य शहरों के लिए 1225 बस खरीदने का टेंडर जारी

Published: Wed, 09 Sep 2026 07:00 AM (IST)

लखनऊ में दीपावली के आसपास 300 नई इलेक्ट्रिक बसें 14 चिन्हित रूटों पर चलेंगी, जिससे आवागमन सुगम होगा और पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. लखनऊ को दीपावली तक मिलेंगी 300 नई इलेक्ट्रिक बसें।

  2. सिटी ट्रांसपोर्ट ने 14 नए रूटों को किया है चिन्हित।

  3. कुल 1225 इलेक्ट्रिक बसें खरीदने को कैबिनेट की मंजूरी।

धर्मेश अवस्थी, लखनऊ। राजधानी में आवागमन करना और सुगम होगा। 300 इलेक्ट्रिक बसों को दीपावली के आसपास दौड़ाने की तैयारी है। सिटी ट्रांसपोर्ट ने नए 14 रूटों पर बसों की संख्या भी तय कर दिया है। सार्वजनिक वाहनों की बढ़ोतरी से जगह-जगह जाम से राहत मिलेगी साथ ही पर्यावरण को संरक्षित करने में बसें मददगार होंगी।

जवाहरलाल नेहरू राष्ट्रीय शहरी नवीकरण मिशन के तहत लखनऊ को 2009-10 में मिली 250 सीएनजी बसें 15 वर्ष की आयु पूरा करके सड़क से हटाई जा चुकी हैं। इसके बाद सिर्फ 115 इलेक्ट्रिक बसों को जैसे तैसे चलाया जा रहा है। नगरीय परिवहन निदेशालय ने लखनऊ सहित अन्य शहरों को सिटी बसें मुहैया कराने के लिए प्रस्ताव भेजा था, कैबिनेट से 1225 इलेक्ट्रिक बसें खरीदने पर मुहर लग चुकी है।

इनमें से 300 बसें दीपावली के आसपास लखनऊ को मिलेंगी, इनमें नौ मीटर की 100 और 12 मीटर की 200 बसें होंगी। सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड ने 14 नए मार्ग चिन्हित कर लिया है।

यह भी पढ़ें- सीतापुर समेत यूपी के 6 जिले स्टेट कैपिटल रीजन में होंगे शामिल, बनेगा रेल कॉरिडोर और मेट्रो नेटवर्क

सिटी ट्रांसपोर्ट के प्रबंध निदेशक विमल राजन ने बताया, निदेशालय को भेजे प्रस्ताव के अनुसार 14 रूट चिन्हित करके बसों का आवंटन कर दिया है, बसें मिलने पर संचालन कराया जाएगा।

अभी मात्र नौ मार्गों पर चल रही सिटी बसें

सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड ने शहर के सभी मेट्रो मार्गों से सिटी बसों को हटा लिया है, अब केवल नौ मार्गों पर बसों का संचालन हो रहा है। इनमें बालागंज चौराहे से विराजखंड, दुबग्गा से मोहनलालगंज, घंटाघर से नैमिषारण्य, स्कूटर इंडिया से अवध बस स्टेशन, एयरपोर्ट से अवध बस स्टेशन कमता, राजाजीपुरम से बीबीडी, मुंशी पुलिया से इंट्रीग्रल यूनिवर्सिटी आदि मार्ग हैं।

इन मार्गों पर चलेंगी सिटी बसें

  • मार्ग का नाम - दूरी (किलोमीटर में) - बस संख्या
  • अंधे की चौकी से चारबाग - 14.2 - 20
  • चारबाग से बख्शी का तालाब - 20.6 - 20
  • काशीराम योजना से इंटीग्रल यूनिवर्सिटी - 31.4 - 30
  • पासी किला से विराज खंड - 28 - 30
  • राजाजीपुरम से बीबीडी - 21.10 - 20
  • चारबाग से माती - 17 - 20
  • स्कूटर इंडिया से इंजीनियरिंग कालेज - 28 - 20
  • चारबाग से मोहनलालगंज - 20 - 20
  • राजाजीपुरम से गुरगुरी तालाब - 14 - 15
  • दुबग्गा से अहिमामऊ - 28.1 - 20
  • दुबग्गा से विराजखंड - 31 - 20
  • दुबग्गा से आलमबाग - 20 - 20
  • दुबग्गा से कमता चौराहा - 30 - 20
  • बीबीडी से चारबाग - 22.6 - 25