विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 26, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल में तीमारदारों को मिलेगा मुफ्त भोजन

By Krishan KumarEdited By:
Published: Wed, 26 Sep 2018 06:00 AM (IST)

विजय श्री फाउंडेशन द्वारा प्रसादम सेवा केंद्र के माध्यम से तीमारदारों को मुफ्त भोजन देने की व्यवस्था पिछले 11 वर्षों से चल रही है।

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, लखनऊ : बलरामपुर अस्पताल में 250 तीमारदारों को अब हर दिन मुफ्त भोजन मिलेगा। डॉक्‍टरों द्वारा मरीजों के चयनित निशक्त तीमारदारों को टोकन के माध्यम से इस सुविधा का लाभ दिया जाएगा। सोमवार को बलरामपुर अस्पताल में विजय श्री फाउंडेशन के प्रसादम सेवा केंद्र का उद्घाटन विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने किया। उन्होंने प्रसादम सेवा केंद्र के प्रबंधक विशाल सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया।

विशाल ने बीते दिनों दैनिक जागरण के 'माय सिटी माय प्राइड अभियान' के तहत आयोजित फोरम में यह संकल्प किया था कि वह बलरामपुर अस्पताल में मरीजों के तीमारदारों को नि:शुल्‍क भोजन की व्यवस्था कराएंगे। उन्होंने सोमवार को संकल्प पूरा किया। इस मौके पर सेवा से जुड़े सेवादारों को भी मानव मित्र पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष ने फाउंडेशन के प्रयास की प्रशंसा की। 

उन्‍होंने  कहा कि हम सभी को समाज के हित में कोई न कोई पुनीत कार्य अवश्य करना चाहिए। डीएम कौशल राज शर्मा ने घोषणा करते हुए कहा कि वह जल्द प्रसादम सेवा केंद्र का सेंट्रल किचन खोलने के लिए जमीन उपलब्ध करवाएंगे। इसके बाद दूसरे सरकारी अस्पतालों में भी यह सेवा शुरू होगी। प्रसादम सेवा केंद्र के प्रबंधक विशाल सिंह ने बताया कि अक्टूबर में राम मनोहर लोहिया अस्पताल में प्रसादम सेवा के तहत तीमारदारों को नि:शुल्‍क भोजन मिलेगा।

इसके बाद श्यामा प्रसाद मुखर्जी यानी सिविल अस्पताल, झलकारी बाई अस्पताल सहित अन्य सरकारी अस्पतालों में इस सेवा की शुरुआत होगी। कार्यक्रम में विधानसभा के प्रमुख सचिव शैलेंद्र दुबे भी मौजूद रहे। उपस्थित लोगों का आभार बलरामपुर अस्पताल के निदेशक डॉ. राजीव लोचन ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में पवन सिंह चौहान, गणेश यादव, अभिजीत बिसेन, शैलेन्द्र सिंह, राजेन्द्र कुमार चुंग, सुनील वैश्य व मनोज सिंह पुजारी शामिल हैं।

11 वर्षों से चिकित्सालयों में दे रहे सुविधा
विजय श्री फाउंडेशन द्वारा प्रसादम सेवा केंद्र के माध्यम से तीमारदारों को मुफ्त भोजन देने की व्यवस्था पिछले 11 वर्षों से चल रही है। चार साल पहले केजीएमयू में प्रसादम सेवा केंद्र की शुरुआत की गई थी। इससे अभी तक चार लाख लोग लाभान्वित हुए हैं। 'माय सिटी माय प्राइड' अभियान में घोषणा के बाद अब संस्था की ओर से सभी बड़े अस्पतालों में इस सेवा का दायरा बढ़ाने की शुरुआत की गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।