OP राजभर का सपा प्रमुख पर पलटवार, बोले- तिलचट्टों के भरोसे सरकार बनाएंगे अखिलेश
सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है, उनकी राजनीति और 'तिलचट्टों' पर निर्भरता पर सवाल उठाए हैं।

सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर।
HighLights
ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव की राजनीति पर सवाल उठाए।
राजभर ने अखिलेश को 'तिलचट्टों' पर निर्भरता के लिए ताना मारा।
मुलायम सिंह यादव के संघर्ष को याद दिलाते हुए अखिलेश पर निशाना।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। सुभासपा प्रमुख व पंचायतीराज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा और व्यंग्यात्मक हमला बोला है। शुक्रवार को इंटरनेट मीडिया एक्स पर पोस्ट के जरिए राजभर ने अखिलेश की राजनीति और उनके नए राजनीतिक सहारों पर सवाल उठाए। उन्होंने तंज कसा कि टीवी में ‘लाल’ वाला स्प्रे तिलचट्टों को भगाने के लिए होता है, लेकिन यहां ‘लाल’ वाले ही तिलचट्टों से मदद मांग रहे हैं।
राजभर ने लिखा कि अखिलेश के पिता मुलायम सिंह यादव और ‘चच्चू’ शिवपाल यादव ने गांव-गांव साइकिल चलाकर समाजवादी पार्टी खड़ी की। सवाल उठाते हुए कहा कि क्या इतनी मेहनत इसलिए की गई थी कि अब बेटा एसी में बैठकर ‘तिलचट्टों’ के भरोसे सरकार बनाए।
उन्होंने अखिलेश को ‘रील बाज’ बताते हुए भी निशाना साधा। राजभर ने अखिलेश की पृष्ठभूमि पर हमला बोलते हुए ‘सैफई सिंडिकेट’ का जिक्र किया और कहा कि उसके बच्चे विदेश में पढ़ते-घूमते हैं, जबकि गांव-देहात के युवाओं को राजनीतिक संघर्ष में झोंका जा रहा है।
यह भी पढ़ें- 'नीयत में कमी हो तो नहीं सफल होती तपस्या', भाजपा पर फिर बरसे अखिलेश यादव
उन्होंने यादव और गरीब जोलहा-पसमांदा मुस्लिम युवाओं के भविष्य को लेकर भी अखिलेश को आगाह किया। राजभर का यह हमला आशुतोष रांका की अखिलेश से हालिया मुलाकात के बाद आया है।
