लखनऊ : 43 प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर्स ने किया यूपी-112 मुख्यालय का भ्रमण, समझी आपात सेवाओं की अत्याधुनिक कार्यप्रणाली
उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी के 43 प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर्स ने यूपी-112 मुख्यालय का भ्रमण कर आपातकालीन सेवाओं की अत्याधुनिक कार्यप्रणाली ...और पढ़ें
-1784730193762_m.webp)
HighLights
43 प्रशिक्षु PCS अधिकारियों ने यूपी-112 मुख्यालय का दौरा किया।
आपातकालीन कॉल टेकिंग, डिस्पैच की कार्यप्रणाली को समझा।
डीजी विनोद कुमार सिंह ने त्वरित सहायता पर बल दिया।
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी (UPAM), लखनऊ में संचालित 90वें आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 43 प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर्स (PCS अधिकारियों) ने बुधवार को यूपी-112 मुख्यालय का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य भविष्य के इन प्रशासनिक अधिकारियों को प्रदेश की अत्याधुनिक आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली और यूपी-112 की जमीनी कार्यप्रणाली से प्रत्यक्ष रूप से अवगत कराना था।
अपराह्न 2:45 बजे मुख्यालय पहुंचने पर प्रशिक्षु अधिकारियों का औपचारिक स्वागत किया गया, जिसके बाद उन्हें यूपी-112 के विभिन्न तकनीकी व संचालन अनुभागों का विस्तृत दौरा कराया गया।
कॉल टेकिंग से लेकर कंप्यूटर एडेड डिस्पैच तक की कार्यप्रणाली को समझा
भ्रमण के दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों को आपातकालीन सेवा के हर महत्वपूर्ण चरण की बारीकियां दिखाई गईं। प्रशिक्षु अधिकारियों ने 'सीओ हॉल' का भ्रमण किया, जहाँ उन्हें आपातकालीन कॉल प्राप्त करने (Call Taking), कॉल फ्लो और विभिन्न सहयोगी डेस्कों (महिला सुरक्षा, रेलवे, अग्निशमन आदि) की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से समझाया गया।
'डीएस हॉल' में अधिकारियों को 'कंप्यूटर एडेड डिस्पैच' तकनीक की बारीकियों से अवगत कराया गया। उन्हें दिखाया गया कि कैसे किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलते ही जीपीएस और आधुनिक तकनीक का उपयोग कर न्यूनतम समय में निकटतम पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल को मौके पर रवाना किया जाता है।
मुख्यालय स्थित 'प्रज्ञा कक्ष' में प्रशिक्षु अधिकारियों के लिए एक विशेष प्रेजेंटेशन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर यूपी-112 के पुलिस महानिदेशक (DG) श्री विनोद कुमार सिंह ने प्रशिक्षु अधिकारियों से सीधा संवाद किया और उनके प्रश्नों व जिज्ञासाओं का समाधान किया।
खबरें और भी
-1784730322162.jpg)
अपने संबोधन में पुलिस महानिदेशक विनोद कुमार सिंह ने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में पीड़ित तक त्वरित सहायता पहुंचाना ही किसी भी प्रभावी प्रशासनिक व्यवस्था की पहचान है। ज़िलों में तैनात होने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल के बीच बेहतर समन्वय से आपातकालीन सेवाओं की गुणवत्ता और अधिक सुदृढ़ होगी।
कार्यक्रम के समापन पर डीजी यूपी-112 द्वारा सभी 43 प्रशिक्षु PCS अधिकारियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।