विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PM Matsya Sampada Yojana: तालाब से लेकर मछली बेचने का खर्च उठाएगी सरकार, यूपी में 24 अगस्त तक करें ऑनलाइन आवेदन

Updated: Sat, 15 Aug 2026 12:04 PM (IST)

PM Matsya Sampada Yojana 2026: मत्स्य विभाग ने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के लिए आवेदन पोर्टल खोल दिया है। इच्छुक आवेदक 24 अगस्त तक http://fisheries.up.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जिसमें छह परियोजनाओं के लिए लाभ मिलेगा।

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के लिए पोर्टल खुला।

  2. आवेदन की अंतिम तिथि 24 अगस्त निर्धारित।

  3. छह परियोजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित।

राज्य ब्यूराे, जागरण, लखनऊ। PMMSY Scheme 2026 प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए मत्स्य विभाग ने पोर्टल खोल दिया है। शुक्रवार को मत्स्य विकास मंत्री संजय निषाद ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन के लिए 24 अगस्त तक विभागीय पोर्टल http://fisheries.up.gov.in खोल दिया गया है।

योजना के तहत विभिन्न परियोजनाओं का विस्तृत विवरण, इकाई लागत, पात्रता, आवेदन करने की प्रक्रिया, आवेदन के साथ संलग्न किए जाने वाले आवश्यक अभिलेख व अन्य संबंधित जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध है।

छह परियोजनाओं को खुला पोर्टल

निदेशालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में मत्स्य मंत्री ने बताया कि भारत सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2020-21 से संचालित प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना की अवधि सितंबर तक बढ़ा दी गई है। अवशेष लक्ष्याें को पूरा करने के लिए छह परियोजनाओं के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

  • सामान्य, महिला व अनुसूचित जाति वर्ग के लिए बड़े क्षेत्र में तालाब निर्माण एवं निवेश के लिए 33.93 हेक्टेयर, सामान्य वर्ग के लिए मध्य आकार के रीसर्कुलेटरी एक्वाकल्चर सिस्टम (आरएएस) की तीन इकाइयां, महिला व अनुसूचित जाति वर्ग के लिए रियरिंग यूनिट निर्माण के लिए 22.667 हेक्टेयर, महिलाओं के लिए 241 बैकयार्ड आरएएस यूनिट शामिल हैं।
  • सामान्य, महिला व अनुसूचित जाति वर्ग के लिए जलाशयों में 65 हजार मत्स्य अंगुलिकाओं का संचय और पारंपरिक मछुआरा परिवारों के लिए 500 आजीविका व पोषण सहायता इकाइयां शामिल हैं।
  • जिला स्तर पर मत्स्य पालकों व अन्य पात्र आवेदकों को ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

इस दौरान विशेष सचिव सुनील वर्मा, महानिदेशक मत्स्य धनलक्ष्मी के. आदि उपस्थित रहे। मत्स्य मंत्री ने कहा कि सभी जिलों में आवेदन अवधि के दौरान योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए हैं।