Prateek Yadav Death: लव मैरिज से तलाक की पोस्ट तक, सुर्खियों में रहा अपर्णा-प्रतीक का रिश्ता
प्रतीक यादव और अपर्णा यादव का रिश्ता, प्रेम विवाह से लेकर तलाक की पोस्ट तक, हमेशा सुर्खियों में रहा है। जनवरी में प्रतीक ने तलाक की बात कही थी, लेकिन ...और पढ़ें

लंबी दोस्ती के बाद वर्ष 2011 में हुई थी प्रतीक और अपर्णा की शादी।
HighLights
2011 में हुई थी प्रतीक-अपर्णा की शादी, सैफई में हुआ था भव्य आयोजन
जनवरी में प्रतीक ने की थी तलाक संबंधी पोस्ट, बाद में कही थी सब ठीक होने की बात
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। सपा के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के दूसरे पुत्र प्रतीक यादव (Prateek Yadav) और उनकी पत्नी अपर्णा का रिश्ता, प्रेम विवाह से लेकर प्रतीक की तलाक संबंधी पोस्ट, तक सुर्खियों में रहा है।
इसी साल जनवरी में प्रतीक ने इंस्टाग्राम पर अपर्णा यादव से अलग होने का ऐलान किया था। 10 दिनों तक यह मामला चर्चा का केंद्र रहा था, बाद में प्रतीक ने परिवार में सब ठीक होने की जानकारी दी थी। अब उनकी मृत्यु के बाद उनके जीवन से जुड़े मामले फिर चर्चा में है।
प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे और अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे। प्रतीक ने ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से डिग्री हासिल की थी। उन्होंने अपने फिटनेस के शौक को आगे बढ़ाया। वह लखनऊ में ‘द फिटनेस प्लानेट’ नाम से जिम चलाते थे।
इंटरनेट मीडिया पर भी वह अपनी फिटनेस और लाइफ स्टाइल को लेकर अक्सर चर्चा में रहते थे। अपने वर्कआउट वीडियो और तस्वीरें साझा करते थे। प्रतीक को महंगी गाड़ियों का भी शौक था। वह लैम्बोर्गिनी गाड़ी पर तेज रफ्तार में चलने को लेकर भी चर्चाओं में रहे थे। उन्हें पशु प्रेमी के तौर पर जाना जाता था और वे जीव आश्रय नामक संस्था का भी संचालन करते थे।
राजनीति में कभी नहीं दिखाई रुचि
प्रतीक ने कभी राजनीति में रुचि नहीं दिखाई। हालांकि अपर्णा यादव ने वर्ष 2017 सपा के टिकट पर लखनऊ में विधानसभा चुनाव लड़ा और हार गई थीं। इसके बाद 19 जनवरी 2022 में वह भाजपा में शामिल हुईं, परंतु उनको विधानसभा चुनाव का टिकट नहीं मिल सका था। बाद में उनको महिला आयोग की उपाध्यक्ष बनाया गया।
खबरें और भी
मुलायम सिंह परिवार से भाजपा में जाने वाली अपर्णा यादव अकेली सदस्य हैं। हाल ही केजीएमयू प्रकरण और महिला आरक्षण मामले पर सपा को झंडा जलाए जाने को लेकर वह सुर्खियों में रही हैं। हालांकि अपर्णा ने भाजपा में रहते हुए कभी सैफई परिवार के खिलाफ कोई सीधा बयान नहीं दिया।

दोनों की दोस्ती और शादी चर्चा में रही
प्रतीक ओर अपर्णा की दोस्ती और शादी भी चर्चा में रही है। प्रतीक यादव और अपर्णा यादव एक बर्थडे पर पहली बार मिले थे। इसके बाद प्रतीक ने अर्पणा से उसका ईमेल एड्रेस मांगा था और दोनों की मुलाकातें शुरू हुई थीं। अपर्णा का परिवार मूल रूप से उत्तराखंड का रहने वाला है, उनके पिता अरविंद सिंह बिष्ट उप्र के राज्य सूचना आयुक्त रह चुके हैं, जबकि मां अम्बी बिष्ट लखनऊ विकास प्राधिकरण में संपत्ति अधिकारी रहीं हैं।
लंबी दोस्ती के बाद चार दिसंबर 2011 प्रतीक और अपर्णा यादव की सैफई में एक भव्य समारोह में हुई थी। उनकी शादी में फिल्म अभिनेता बच्चन सहित कई हस्तियां शामिल हुई थीं।
तलाक तक पहुंची बात
जनवरी में दोनाें के रिश्तों के बीच बिखराव की नौबत आ गई थी। 19 जनवरी को प्रतीक यादव ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट पर जल्द अपर्णा को तलाक देने की बात कही थी। उन्होंने अपर्णा के फोटो को ‘ए फैमिली डेस्ट्रायर’ कैप्शन के साथ पोस्ट कर लिखा था कि उन्होंने मेरे परिवार के रिश्ते खराब कर दिए। बस मशहूर और प्रभावशाली बनना चाहती हैं।
इस मामले पर उस समय अपर्णा ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी। 10 दिन बाद प्रतीक ने ही पोस्ट कर दोनों के बीच सबकुछ ठीक होने की जानकारी दी थी।
यह भी पढ़ें- पुलिस ने सील किया Prateek Yadav का कमरा, कब्जे में लिया लैपटॉप, मोबाइल व डायरी समेत अन्य सामान