यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 19, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
राहुल गांधी, प्रियंका और मल्लिकार्जुन खरगे उत्तर प्रदेश से लड़ेंगे लोकसभा चुनाव? यूपी कांग्रेस ने आलाकमान से की ये मांग
विपक्षी गठबंधन आइएनडीआइए के सहयोगियों के साथ मिलकर ही उत्तर प्रदेश में कांग्रेस लोकसभा चुनाव के मैदान में उतरेगी। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने सोमवार ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विपक्षी गठबंधन आइएनडीआइए के सहयोगियों के साथ मिलकर ही उत्तर प्रदेश में कांग्रेस लोकसभा चुनाव के मैदान में उतरेगी। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ दिल्ली में हुई बैठक में यह साफ कर दिया कि भाजपा को हराने के बड़े लक्ष्य को देखते हुए गठबंधन के सहयोगियों के साथ सीटों को लेकर अब किसी तरह का टकराव नहीं होने दिया जाएगा।
बैठक में उत्तर प्रदेश में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर खास जोर दिया गया। कहा गया कि पार्टी के कार्यकर्ताओं को गठबंधन में रहकर ही चुनाव लड़ने की जानकारी दी जाए, जिससे किसी स्तर पर कहीं कोई भ्रम न रहे।
गठबंधन की सीटों पर होनी चाहिए कांग्रेस की सम्मानजनक हिस्सेदारी
वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि गठबंधन में उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में कांग्रेस की सम्मानजनक भागीदारी होनी चाहिए। जिससे उसके कमजोर होने का संदेश न जाए। बसपा को भी गठबंधन का हिस्सा बनाए जाने की बात भी हुई।
हालांकि, केंद्रीय नेतृत्व ने कहा कि अभी बसपा साथ नहीं है। जो दल साथ आए हैं, उनके साथ पार्टी मजबूती से कदम बढ़ाएगी।
यूपी जोड़ो यात्रा के लिए 12 सदस्यीस समिति का गठन
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि प्रियंका वाड्रा व राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी भी राज्य से चुनाव लड़ें। वरिष्ठ नेताओं को जोड़ रही पार्टी यूपी जोड़ो यात्रा के सफलता के लिए 12 सदस्यीय सलाहकार समिति भी बनाई गई है, जिसमें वरिष्ठ नेताओं को स्थान दिया गया है।
खबरें और भी
पार्टी यात्रा के माध्यम से नए-पुराने सभी चेहरों को जोड़ने का प्रयास करती नजर आ रही है। सलाहकार समिति में सिद्धार्थप्रिय श्रीवास्तव, द्विजेन्द्र त्रिपाठी, वीरेन्द्र मदान, अमरनाथ अग्रवाल, वीरेन्द्र प्रताप पांडेय, डीपी सिंह, मारूफ खान, प्रमोद सिंह, आरपी सिंह, बृजेन्द्र कुमार सिंह व सीमा चौधरी को शामिल किया है।
मैं आपको सुनने आई हूं बैठक में: प्रियंका
मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी व राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल के अलावा प्रियंका वाड्रा भी मौजूद रहीं। प्रियंका उत्तर प्रदेश की प्रभारी भी हैं। बैठक में प्रियंका ने यूपी के वरिष्ठ नेताओं से कहा कि वह उन्हें सुनने आई हूं। बैठक के अंत में प्रियंका ने संगठन को बूथ स्तर तक गतिशील किए जाने पर जोर दिया।