Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 23, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    UP: लोकसभा चुनाव 2024 से पहले देश का माहौल राममय बनाएगा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, आज से मोहन भागवत करेंगे बैठक

    By Jagran NewsEdited By: Prabhapunj Mishra
    Updated: Sat, 23 Sep 2023 07:20 AM (IST)

    संघ प्रमुख मोहन भागवत चार द‍िवसीय अवध प्रांत के दौरे पर हैं। शुक्रवार को वो लखनऊ पहुंचे थे। इस दौरान सीएम योगी ने उनसे मुलाकात की। मुख्‍यमंत्री ने भाग ...और पढ़ें

    UP Politics: सीएम योगी ने की मोहन भागवत से मुलाकात
    UP Politics: सीएम योगी ने की मोहन भागवत से मुलाकात

    HighLights

    1. अवध प्रांत के चार दिवसीय प्रवास पर लखनऊ पहुंचे सरसंघचालक मोहन भागवत
    2. संघ प्रमुख से मिले योगी, सरकार का कामकाज और उपलब्धियां कीं साझा
    3. अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा समारोह पर भी हुई चर्चा

    लखनऊ, राज्य ब्यूरो। अगले वर्ष जनवरी में अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर बन रहे मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दृष्टिगत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पूरे देश को राममय बनाने की योजना है। संघ की मंशा है कि राम मंदिर का स्वप्न साकार होने से उमड़ने वाला भावनाओं का ज्वार पूरे देश में स्पंदन पैदा करे। इसके जरिये सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और हिंदुत्व की धार को पैना करके अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के पक्ष में अनुकूल वातावरण सृजित करने का इरादा है।

    अवध प्रांत के चार दिवसीय प्रवास पर शुक्रवार को लखनऊ आये संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत का आगमन संघ के इस अभियान को और गति देगा। लखनऊ हवाई अड्डे से निकल कर भागवत सुबह 11.30 बजे निरालानगर स्थित सरस्वती कुंज पहुंचे। उन्होंने अवध प्रांत के पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद प्रांत में संघ की शाखाओं के विस्तार, साप्ताहिक मिलन, मासिक मंडली, सेवा कार्य व अन्य गतिविधियों पर चर्चा की।

    पहले दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनसे मिलने शाम 5.15 बजे सरस्वती कुंज पहुंचे। दोनों के बीच लगभग 45 मिनट की मुलाकात के दौरान योगी ने संघ प्रमुख को सरकार के कामकाज और उपलब्धियों से अवगत कराया। गरीब कल्याण से जुड़ी योजनाओं और उनके प्रभाव के बारे में उन्होंने भागवत को विस्तार से बताया। योगी ने सरसंघचालक को अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण की अद्यतन स्थिति की जानकारी दी। मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा अगले वर्ष जनवरी में मकर संक्रांति के बाद प्रस्तावित है। प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियों को लेकर भी दोनों के बीच चर्चा हुई।

    राम मंदिर निर्माण के दृष्टिगत अयोध्या को नव्य और भव्य बनाने की योजना के क्रियान्वयन की स्थिति से भी उन्हें अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने संघ प्रमुख को प्रदेश में निवेश और औद्योगिकीकरण की स्थिति तथा कानून-व्यवस्था में हुए सुधार के बारे में भी बताया। संघ की समन्वय समिति की बैठक में उठे बिंदुओं पर भी दोनों के बीच बातचीत हुई। भागवत ने संघ के पूर्वी क्षेत्र और अवध प्रांत और विभागों के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न विषयों पर अनौपचारिक चर्चा की जिसमें श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण का विषय भी शामिल था।

    खबरें और भी

    आज से शुरू होगा बैठकों का दौर

    भागवत शनिवार से अवध प्रांत में संघ के सांगठनिक विस्तार और सेवा प्रकल्पों को लेकर बैठकें करेंगे। अवध प्रांत में संघ के कामकाज की समीक्षा के साथ ही आगामी कार्ययोजना की तैयारियों को भी परखेंगे। वर्ष 2025 में शताब्दी समारोह के दृष्टिगत संघ की योजना प्रदेश के सभी गांवों तक अपनी पहुंच बढ़ाने की है। शनिवार को अवध प्रांत की कार्यकारिणी और सात विभागों की कार्यकारिणी की बैठकें होंगी।

    क्षेत्रीय प्रचारक का हालचाल जानने एसजीपीजीआइ गए भागवत

    मोहन भागवत शुक्रवार दोपहर को राजधानी के संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआइ) गए और वहां इलाज के लिए भर्ती संघ के पूर्वी क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रचारक अनिल कुमार से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

    यह भी पढ़ें: PM Modi Visit Varanasi: पीएम मोदी का काशी दौरा आज धर्मनगरी में खोलेंगे सौगातों का पिटारा; जानिए पूरा कार्यक्रम

    यह भी पढ़ें: 'Women Reservation Bill में SC-ST महिलाओं को अलग से मिले आरक्षण, BSP सुप्रीमो मायावती ने रखी बड़ी डिमांड