विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 17, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जयंत चौधरी (Jayant Chaudhary)

By Shivam YadavEdited By: Shivam Yadav
Published: Mon, 17 Jul 2023 06:38 AM (IST)

पिता से विरासत में मिली पार्टी राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी उत्तर प्रदेश की राजनीति में अहम मायने रखते ...और पढ़ें

जयंत की शादी चारू चौधरी से 2003 में हुई थी।
जयंत की शादी चारू चौधरी से 2003 में हुई थी।

नई दिल्ली, जागरण ऑनलाइन डेस्क: पिता से विरासत में मिली पार्टी राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी उत्तर प्रदेश की राजनीति में अहम मायने रखते हैं। राज्यसभा सदस्य होने के नाते उनकी बातों के मायने अक्सर निकाले जाते रहते हैं। जयंत चौधरी समूचे उत्तर प्रदेश प्रदेश में तो नहीं, मगर प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में काफी प्रभाव रखते हैं। जयंत चौधरी 15वीं लोकसभा के सदस्य रह चुके हैं। इन्होंने मथुरा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था। विदेश में पढ़ाई के बाद देश की राजनीति में मजबूत साख वाले नेता माने जाने वाले जयंत चौधरी ने अपनी पार्टी राष्ट्रीय लोकदल की बागडोर पिता अजित चौधरी के स्वर्गवास के बाद संभाली थी।

आइए जानते हैं जयंत चौधरी के बारे में-

  • जयंत चौधरी कौन हैं?
  • जयंत चौधरी की शैक्षिक योग्यता क्या है?
  • जयंत चौधरी की पारिवारिक पृष्ठभूमि क्या है?
  • जयंत चौधरी उत्तर प्रदेश के लिए क्या मायने रखते हैं?
  • जयंत चौधरी का राजनीतिक सफर कैसा रहा है?
  • सपा से जयंत का रहा है अच्छा नाता
  • नीतिश की विपक्षी बैठक को नकारा
  • भाजपा पर रहे हैं हमलावर

जयंत चौधरी कौन हैं?

जयंत चौधरी उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के सदस्य हैं। जयंत चौधरी के पास राष्ट्रीय लोकदल की कमान है। इन्होंने अपने पिता अजित चौधरी के बाद पार्टी की कमान संभाली है। पिता अजित चौधरी का देहांत साल 2021 में हो गया था, जिसके बाद पार्टी के नेताओं की सर्वसम्मति से जयंत चौधरी को अध्यक्ष बनाया गया।

जयंत चौधरी की शैक्षिक योग्यता क्या है?

विदेशी धरती पर जन्म लेने वाले जयंत चौधरी की शैक्षिक योग्यता भी उच्च है। उन्होंने साल 2002 में लंदन स्कूल ऑफ इकॉनॉमिक्स और राजनीति विज्ञान से लेखांकन और वित्त विषय में परास्नातक किया। जयंत चौधरी का स्नातक दिल्ली विश्वविद्यालय से हुआ है।

जयंत चौधरी की पारिवारिक पृष्ठभूमि क्या है?

जयंत चौधरी का परिवार उच्च राजनीतिक पृष्ठभूमि वाला है। जयंत का जन्म यूएस के डलास, टेक्सास में 27 दिसंबर 1978 को हुआ था। इनके पिता अजित चौधरी केंद्रीय मंत्री भी रह चुके थे, जिन्होंने राष्ट्रीय लोकदल की नींव रखी थी। जयंत के दादा चौधरी चरण सिंह थे, जिन्होंने देश के 5वें प्रधानमंत्री के रूप अपनी सेवाएं दी। जयंत की शादी चारू चौधरी से 2003 में हुई थी। जयंत की दो बेटियां हैं।

जयंत चौधरी उत्तर प्रदेश के लिए क्या मायने रखते हैं?

जयंत चौधरी 1894 के भूमि अधिग्रहण कानून और यूपी में बड़े पैमाने पर भूमि अधिग्रहण के आलोचक रहे हैं। उन्होंने उस काल में प्रदेश और मथुरा, नोएडा, हाथरस, ग्रेटर नोएडा, आगरा और अलीगढ़ जिलों में भूमि के अनुचित अधिग्रहण के विरोध में आंदोलनों का हिस्सा बनकर विरोध जताया था। ऐसे में उनका पश्चिमी उत्तर प्रदेश काफी प्रभाव माना जाता है।

जयंत चौधरी का राजनीतिक सफर कैसा रहा है?

जयंत चौधरी ने राजनीतिक सफर की शुरुआत 2009 में लोकसभा चुनाव के साथ की थी। उन्होंने मथुरा लोकसभा सीट से जीत हासिल की थी। जयंत चौधरी 15वीं लोकसभा में उत्तर प्रदेश के मथुरा से सांसद रह चुके हैं। रालोद नेता जयंत चौधरी ने 5 अगस्त, 2011 को लोकसभा में भूमि अधिग्रहण पर एक निजी विधेयक पेश किया था। इसके बाद चौधरी ने 2014 के आम चुनाव में मथुरा से चुनाव लड़ा था, लेकिन वे भाजपा उम्मीदवार हेमा मालिनी से हार गए थे।

जयंत चौधरी भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के जनरल बोर्ड के सदस्य रहे हैं। चौधरी ने फिक्की इंडो-ब्रिटिश फोरम ऑफ पार्लियामेंटेरियन्स की सह-अध्यक्षता भी की है और इंडो-वेनेजुएला संसदीय मैत्री समूह के सदस्य थे।

सपा से जयंत का रहा है अच्छा नाता

मंझे राजनीतिज्ञ जयंत चौधरी का समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ अच्छा नाता रहा है। हालांकि, बीच-बीच में उन्हें भाजपा की तरफ से कई बार गठबंधन का ऑफर मिला है, लेकिन जयंत चौधरी ने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं।

नीतिश की विपक्षी बैठक को नकारा

जयंत चौधरी ने लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी दलों को एक करने की मुहिम को झटका दिया है। रालोद के मुखिया जयंत चौधरी ने पटना में होने वाली मीटिंग में शामिल होने पर असमर्थता जताई थी। जयंत ने पत्र लिखकर बताया कि पूर्व निर्धारित पारिवारिक कार्यक्रम के चलते वह बैठक में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। हालांकि, उन्होंने अपना समर्थन जताया था।

भाजपा पर रहे हैं हमलावर

राजनीतिक अटकलें चाहे जो भी रही हों, लेकिन जयंत ने अपना रुख कभी भाजपा की ओर नहीं किया। वे हमेशा भाजपा के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं। जयंत ने किसान आंदोलन से लेकर खिलाड़ियों के आरोपों के मामले तक, लगभग हर जगह भाजपा का विरोध किया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।