यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 26, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
By Election Ghosi: घोसी उपचुनाव जीतने के लिए सपा ने झोंकी ताकत, अखिलेश 2 या 3 सितंबर को करेंगे चुनावी जनसभाएं
By Election Ghosi 2023 घोसी विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में कांग्रेस ने उम्मीदवार नहीं उतारा है। वहीं समाजवादी पार्टी इस उपचुनाव को जीतने के लि ...और पढ़ें

लखनऊ, राज्य ब्यूरो। समाजवादी पार्टी ने घोसी विधानसभा उपचुनाव जीतने के लिए अपनी ताकत झोंक दी है। पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव, राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, राष्ट्रीय महासचिव रामअचल राजभर, लालजी वर्मा व इन्द्रजीत सरोज घोसी में डट गए हैं।
पार्टी ने सभी बड़े नेताओं को दो से तीन दिन यहां रहकर चुनावी जनसभाएं करने के निर्देश दिए हैं। सपा मुखिया अखिलेश यादव भी मतदान से पहले दो या तीन सितंबर को यहां चुनावी जनसभाएं कर साइकिल के पक्ष में माहौल बनाएंगे। घोसी विधानसभा सीट पूर्व मंत्री दारा सिंह चौहान के इस्तीफा देने से रिक्त हुई है।
दारा सिंह सपा छोड़कर भाजपा में फिर से चले गए हैं। भाजपा ने उन्हें इसी सीट से उपचुनाव में टिकट दिया है। सपा इस सीट को गंवाना नहीं चाहती है, इसलिए उसने अपने बड़े नेताओं को यहां उतार दिया है। पिछड़ी जातियों के जनाधार वाले नेताओं को भी यहां लगा दिया गया है।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा, स्वामी प्रसाद मौर्य, बलराम यादव, रामगोविन्द चौधरी, ओम प्रकाश सिंह, दयाराम पाल, मिठाई लाल भारती, दुर्गा प्रसाद यादव, राजपाल कश्यप, तूफानी सरोज, एचएन पटेल, काजल निषाद को भी यहां लगाया है। सपा ने अपने फ्रंटल संगठनों के नेताओं को भी यहां उतार दिया है। समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गिरि भी यहां पार्टी का झंडा बुलंद कर रहे हैं।