SGPGI की नर्सिंग ऑफिसर और हॉस्पिटल अटेंडेंट की ऑफलाइन परीक्षाएं निरस्त, केंद्र पर अनियमितता की शिकायत पर कार्रवाई
SGPGI Cancelled Recruitment Exam: संस्थान प्रशासन ने लखनऊ के पहले तीन केंद्रों की परीक्षा को रद किया था, इसके बाद ...और पढ़ें
HighLights
लखनऊ के गोमती नगर के तीन केंद्रों पर अभ्यर्थियों ने किया था हंगामा
एसजीपीजीआई परीक्षा प्रकोष्ठ ने पहले निरस्त की थी तीन केंद्रों की परीक्षा
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) ने शनिवार को आयोजित की जा रही हॉस्पिटल अटेंडेंट ग्रेड-II और नर्सिंग ऑफिसर की द्वितीय चरण (ऑफलाइन) की सभी परीक्षाओं को निरस्त कर दिया है।
संस्थान प्रशासन ने लखनऊ के पहले तीन केंद्रों की परीक्षा को रद किया था, इसके बाद सभी केंद्रों की परीक्षा को निरस्त करने का निर्णय लिया गया है। अब परीक्षा की अगली तारीखों की घोषणा बाद में की जाएगी। सभी अभ्यर्थी प्रथम चरण की परीक्षा पास कर द्वितीय चरण की परीक्षा में शामिल होने आए थे।
शनिवार सुबह गोमती नगर के छोटा भरवारा स्थित तीन परीक्षा केंद्रों एसडीएसएन डिग्री कॉलेज, एसडीएसएन पब्लिक स्कूल और जूरिस कॉलेज ऑफ लॉ पर अभ्यर्थियों ने हंगामा कर दिया। अभ्यर्थियों का आरोप था कि केंद्रों पर बिना बायोमेट्रिक सत्यापन के प्रवेश दिया जा रहा है और धांधली हो रही है। इस प्रकार के गंभीर आरोप के बाद परीक्षा प्रकोष्ठ ने पहले तीन केंद्रों की परीक्षा केंद्रों की परीक्षा निरस्त की थी।

इसके बाद एहतियात के तौर पर संस्थान प्रशासन ने बड़ा निर्णय लेते हुए सभी पांच सत्रों में आयोजित होने वाली द्वितीय चरण की सभी ऑफलाइन परीक्षाओं को निरस्त कर दिया। कुल पांच सत्रों में हॉस्पिटल अटेंडेंट और नर्सिंग ऑफिसर के 3500 से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देने आए थे।
ये सभी अभ्यर्थी प्रथम चरण की परीक्षा पास कर द्वितीय चरण की परीक्षा में शामिल होने पहुंचे थे। सभी परीक्षा केंद्रों पर संस्थान प्रशासन ने नोटिस जारी कर कहा है कि परीक्षा की अगली तिथि अलग से अधिसूचित की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।