लखनऊ में पैसों के बदले खून बेचने वाले गिरोह पर एक्शन, पांच आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
एसजीपीजीआई में मरीजों को खून बेचने के मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ देर रात मुकदमा दर्ज किया गया है। ...और पढ़ें

HighLights
एसजीपीजीआई में खून बेचने वाले पांचों पर मुकदमा दर्ज।
शौक पूरे करने के लिए आठ हजार में बेचते थे खून।
दैनिक जागरण की खबर के बाद पुलिस ने की कार्रवाई।
जागरण टीम, लखनऊ। एसजीपीजीआई में मरीजों को खून बेचने के मामले में पांचों आरोपितों के खिलाफ सोमवार देर रात मुकदमा दर्ज हो गया।आरोपित शौक पूरा करने के लिए खून बेचते थे। तीमारदारों से एक यूनिट खून का आठ हजार रुपये लेते थे।
एसजीपीजीआई में शाहबाज अली और यश कुमार के मरीज भर्ती हैं। दोनों के मरीजों को खून की जरूरत थी। उन्हाेंने शनिवार को एसजीपीजीआई के बाहर एक मेडिकल स्टोर संचालक के जरिए रायबरेली के खीरों के रहने वाले हिमांशु सिंह से संपर्क किया।
हिमांशु ने बीबीडी के इंजीनियरिंग छात्र पवन, अमन और भावेश व प्राइवेट नौकरी करने वाले प्रदीप को फोन करके बुलाया। सभी एसजीपीजीआइ पहुंचे। एडवांस पेमेंट न मिलने के कारण विवाद हो गया। मौके पर पहुंचे एसजीपीजीआइ के सुरक्षा अधिकारी डीके सिंह और चौकी प्रभारी परवेज ने पांचों को पकड़ लिया।
पुलिस पांचों को पूछताछ के लिए पीजीआइ थाने ले गई। एसजीपीजीआइ या तीमारादारों की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई। इस पर पुलिस ने उनका शांति भंग में चालान किया, जिससे वे जमानत पर छूट गए। सोमवार को दैनिक जागरण ने मामले की पड़ताल करते हुए खून बेचकर अपने शौक पूरा कर रहे छात्र शीर्षक से प्रमुखता के साथ खबर प्रकाशित की।
इसके बाद सोमवार को एसजीपीजीआई के सुरक्षा अधिकारी राकेश मंडल ने पांचों आरोपितों के खिलाफ शिकायत दी। पीजीआइ थाना के इंस्पेक्टर सुनील सिंह ने बताया कि मामले में पांचों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित हिमांशु सिंह मेडिकल स्टोर संचालक का भाई बताया जा रहा है। वह कभी-कभी मेडिकल स्टोर पर बैठता था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।