शिवा हत्याकांड: मॉडल श्रद्धा की मदद करने वाले आमिर समेत तीन चिह्नित, सीन रिक्रिएशन से खुलेगा राज
कैफे संचालक शिवा शर्मा हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे को फरार होने में मदद करने वाले आमिर समेत तीन लोगों को चिह्नित किया है।

शिवा शर्मा हत्याकांड की आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे। (तस्वीर- फाइल)
HighLights
शिवा शर्मा हत्याकांड में तीन नए मददगार चिन्हित।
मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे को फरार होने में मदद की।
बयानों में विरोधाभास, घटनास्थल का सीन रिक्रिएशन होगा।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। कैफे संचालक शिवा शर्मा की हत्या के मामले में पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे आरोपितों की भूमिका और उनके मददगारों के राज खुलने लगे हैं।
शिवा की हत्या के बाद मुख्य आरोपित श्रद्धा दुबे को फरार होने में मदद करने वाले आमिर समेत तीन लोगों को पुलिस ने चिह्नित किया है। इनमें होटल में कमरा दिलाने से लेकर श्रद्धा को नेपाल पहुंचाने में मदद करने वाले लोग शामिल हैं।
पुलिस जल्द ही इनके नाम मुकदमे में बढ़ा सकती है। वहीं, घटना के वक्त फ्लैट में मौजूद लोगों के बयानों में विरोधाभास सामने आने के बाद इसी सप्ताह सीन रिक्रिएशन कराया जाएगा।
नौ अक्टूबर को प्रयागनारायण रोड स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर 27 वर्षीय शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। शिवा की मां रंजना ने श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे, चालक दानिश समेत अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।
श्रद्धा, रश्मि और दानिश गिरफ्तार
पुलिस ने श्रद्धा, रश्मि और दानिश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अबतक की जांच में सामने आया कि घटना के वक्त फ्लैट में केवल चार लोग मौजूद थे। इनमें शिवा शर्मा, श्रद्धा, रश्मि और नौकरानी शामिल थीं। श्रद्धा और रश्मि ने अपने बयान में बताया कि दोनों अलग कमरे में थीं, जबकि शिवा दूसरे कमरे में था।
इसके उलट नौकरानी ने बताया कि जिस कमरे में शिवा था, उसी में श्रद्धा और रश्मि भी मौजूद थीं। बयानों में इस विरोधाभास ने पुलिस की जांच को नया मोड़ दे दिया है। पुलिस अब नौकरानी के बयान के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। आरोपितों के बयानों का पड़ोसियों के बयान और सीसी कैमरों की फुटेज से मिलान किया जाएगा। इसके लिए पड़ोसियों के बयान दोबारा दर्ज किए जाएंगे।

फारेंसिक टीम की मदद से होगा सीन रिक्रिएशन
डीसीपी मध्य अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि घटनास्थल का सीन रिक्रिएशन कराने के लिए फारेंसिक विभाग को पत्र भेजा गया है। वादी मुकदमा को भी इसकी जानकारी दे दी गई है। फोरेंसिक टीम की ओर से समय मिलने पर इसी सप्ताह घटनाक्रम को दोहराया जाएगा। इससे यह स्पष्ट करने में मदद मिलेगी कि घटना के समय कौन कहां मौजूद था और शिवा की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
होटल से नेपाल तक मददगारों की भूमिका की जांच
पुलिस श्रद्धा के फरार होने के दौरान मदद करने वालों की भूमिका भी खंगाल रही है। आमिर समेत तीन लोगों को चिन्हित किया गया है। इनमें श्रद्धा को होटल में कमरा दिलाने और नेपाल पहुंचाने में मदद करने वाले लोग शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इनकी भूमिका की पुष्टि होने के बाद मुकदमे में नाम बढ़ाए जाएंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।