शिवा शर्मा हत्याकांड: किसके भरोसे बेफिक्र है श्रद्धा, गिरफ्तारी के बाद भी तेवर बरकरार
शिवा शर्मा हत्याकांड की मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे गिरफ्तारी के बाद भी बेफिक्र दिख रही हैं, पुलिस हिरासत और मेडिकल ...और पढ़ें

HighLights
श्रद्धा दुबे ने गिरफ्तारी के बाद भी बेफिक्र और अड़ियल तेवर दिखाए।
पुलिस हिरासत और मेडिकल जांच में उसके चेहरे पर पछतावा नहीं।
पुलिस अब उसके मददगारों की जांच कर रही, कार्रवाई होगी।
अवनीश मिश्र, लखनऊ। कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड की मुख्य आरोपित श्रद्धा दुबे के तेवर गिरफ्तारी के बाद भी ढीले नहीं हुए हैं। गुरुवार सुबह पुलिस की कार से उतरने के बाद रैंप वाक के शो स्टापर की तरह हाथ हिलाते हुए हजरतगंज कोतवाली में दाखिल हुई। सिविल अस्पताल में मेडिकल के दौरान भी उसके चेहरे पर कोई पछतावा नहीं दिखा।
इसके पहले नागपुर में गिरफ्तारी के बाद भी पुलिस की गाड़ी में पीछे बैठने से साफ मना कर दिया था। श्रद्धा के इस रुख को देखते हुए सवाल उठ रहे हैं कि आखिर उसके इस अड़ियल रवैये की वजह क्या है?
क्या उसे अफसरशाही और राजनीतिक संरक्षण का भरोसा है या पर्दे के पीछे से कोई उसकी मदद कर रहा है? फिलहाल पुलिस उसके मददगारों के बारे में जानकारी जुटा रही है। सबूतों के आधार पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम गुरुवार सुबह श्रद्धा दुबे, सहआरोपी उसकी बहन रश्मि दुबे और चालक दानिश उर्फ तनवीर को लेकर हजरतगंज कोतवाली पहुंची। वहां पुलिस के घेरे में उन्हें कमरे में जाया गया। इस दौरान श्रद्धा दुबे पूरे तेवर में दिखे। रैंप वाक के शो स्टापर की तरह हाथ हिलाती रही। लगा जैसे रैंप वाक कर रही हो।पुलिस सूत्रों ने बताया कि पूछताछ के दौरान भी उसने कड़े तेवर दिखाए। मेडिकल के दौरान सिविल अस्पताल में भी उसके चेहरे पर कोई शिकन नहीं दिखा।
कार में पीछे नहीं बैठूंगी...
नागपुर में 20 अक्टूबर को यूपी एसटीएफ और लखनऊ पुलिस की संयुक्त टीम ने श्रद्धा, रश्मि और तनवीर को गिरफ्तार किया था। उस दिन भी श्रद्धा ने कड़े तेवर दिखाए थे। उसका एक वीडियो भी सामने आया था। उसमें पुलिसकर्मी उसे फार्च्यूनर की पीछे की सीट पर बैठने को कह रहे थे, वह मना कर रही थी। हालांकि, बाद में पुलिस ने उसे बीच की सीट पर बैठाया था।
मेकअप करके दी थी बाइट
फरारी के दौरान श्रद्धा ने एक न्यूज एजेंसी को वीडियो बाइट दी थी। वह इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। उस पर प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। लोग कह रहे हैं कि हत्याकांड में वांछित होने के बावजूद मेकअप करके बाइट दी है। इसके पहले उसने तीन वीडियो जारी करके खुद को निर्दोष बताया था।
उस पर भी लोगों की यही प्रतिक्रिया थी कि श्रद्धा के चेहरे पर कोई शिकन या पछतावा नहींं दिख रहा है। उसके अंदर एक अलग सा तेवर दिख रहा है।यह उसके रसूख की वजह से है। पुलिस उपायुक्त मध्य अर्पित विजयवर्गीय ने कहा कि आरोपितों के मददगारों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।