यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 05, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
तारीख बदलने पर सपा-भाजपा के बीच वार-पलटवार, अखिलेश ने कहा टालेंगे तो…, केशव बोले- ये साइकिल पंचर होने का दुख
उत्तर प्रदेश में विधानसभा उपचुनाव की तिथि में एक सप्ताह की देरी के चुनाव आयोग के फैसले के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ब ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधानसभा उपचुनाव के मतदान की तिथि को एक सप्ताह और बढ़ाने के चुनाव आयोग के निर्णय के बाद सपा और भाजपा के बीच वार-पलटवार शुरू हो गया। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि टालेंगे तो और भी बुरा हारेंगे।
इस पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा मुखिया श्री अखिलेश यादव का तिथि परिवर्तन पर दुखी होना ...वाह ! यह वही दुख है जो साइकिल पंचर होने पर होता है।
वहीं, भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि सपा के लिए पराजय एक सप्ताह और खिसकी है। सपा के लिए अवसर है कि एक हफ्ते में अपने पराजय का मार्जिन कैसे कम कर सके? भाजपा चुनाव के लिए तैयार है।
भाजपा इतनी कमजोर कभी न थी: अखिलेश
सपा प्रमुख ने एक्स पर कहा कि पहले मिल्कीपुर का उपचुनाव टाला, अब बाकी सीटों के उपचुनाव की तारीख, भाजपा इतनी कमजोर कभी न थी। इससे पहले भी सपा प्रमुख ने मिल्कीपुर सीट पर उपचुनाव नहीं कराए जाने पर भी इसी अंदाज में ‘जिसने जंग टाली है, समझो उसने जंग हारी है’ कहकर तंज कसा था।
.jpg)
उन्होंने आगे लिखा कि दरअसल बात ये है कि उत्तर प्रदेश में ‘महा-बेरोजगारी’ की वजह से जो लोग पूरे देश में काम और रोजगार के लिए जाते हैं, वो दीपावली और छठ की छुट्टी लेकर आए हुए हैं और उपचुनाव में भाजपा को हराने के लिए वोट डालने वाले थे। जैसे ही भाजपा को इसकी भनक लगी, उसने उपचुनावों को आगे खिसका दिया, जिससे लोगों की छुट्टी खत्म हो जाए और वो बिना वोट डाले ही वापस चले जाएं। उन्होंने आगे कहा कि ये भाजपा की पुरानी चाल है, हारेंगे तो टालेंगे।
खबरें और भी
जनता की भावनाओं का आदर: मौर्य
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पलटवार करते हुए एक्स पर लिखा कि कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर चुनाव आयोग ने मतदान की तिथि 20 नवंबर तय करके जनता की भावनाओं का आदर किया है। यूपी की जनता ने साइकिल को पंचर कर सैफई के गैराज में भेजने का मन बना लिया है। हर बूथ पर कमल खिलेगा और सपा की बचकानी राजनीति की दुकान बंद होगी।