राहुल गांधी से मिले सुनील सिंह, बोले- मैं किंग नहीं, किंग मेकर बनना चाहता हूं; 35 सीटों पर किया दावा
लोकदल अध्यक्ष सुनील सिंह ने राहुल गांधी से मुलाकात कर आगामी विधानसभा चुनाव में 35 सीटों पर दावेदारी की है, खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में।

HighLights
लोकदल अध्यक्ष सुनील सिंह ने राहुल गांधी से दिल्ली में मुलाकात की।
आगामी विधानसभा चुनाव के लिए लोकदल ने 35 सीटों पर दावेदारी की।
सुनील सिंह ने कहा, 'मैं किंग नहीं, किंग मेकर बनना चाहता हूं।'
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधान सभा चुनाव से पहले विपक्षी गठबंधन को लेकर भी हलचल तेज हो रही है। पिछले दिनों दो बार सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात करने वाले लोकदल अध्यक्ष सुनील सिंह ने मंगलवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से मुलाकात की। करीब एक घंटे की इस मुलाकात में विधान सभा चुनाव, विशेषकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में राजनीतिक समीकरणों पर चर्चा की गई। इस दौरान लोकदल की ओर से 35 सीटों पर दावेदारी की गई।
विधान सभा चुनाव के लिए सपा और कांग्रेस दोनों का फोकस सबसे पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर है। पिछले विधान सभा चुनाव में सपा का रालोद से गठबंधन था, जो इस बार टूट चुका है। इस बीच लोकदल ने सपा और कांग्रेस के सहारे राजनीतिक जमीन की तलाश तेज कर दी है।
सपर के साथ भी सीट बंटवारे को लेकर वार्ता
18 सितंबर को लोकदल अध्यक्ष ने सपा प्रमुख से मुलाकात की थी। इससे एक सप्ताह पहले भी वह सपा प्रमुख से मिले थे। दोनों मुलाकातों के बाद सुनील सिंह ने कहा था लोकदल, इंडी गठबंधन का हिस्सा है और सीट बंटवारे को लेकर वार्ता हुई है। उन्होंने सपा प्रमुख मुख्यमंत्री बनाने की भी बात कही थी।
मैं किंग नहीं, किंग मेकर बनना चाहता हूं: सुनील
मंगलवार को सुनील सिंह ने दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात की। मुलाकात के बाद सुनील सिंह ने कहा कि सीटों को लेकर कांग्रेस नेता संग सकारात्मक बातचीत हुई है। अगले माह सीट बंटवारे पर निर्णय होने की संभावना है। लोकदल, पश्चिमी उप्र के साथ पूरे राज्य में गठबंधन को मजबूत करने के लिए काम करेगा। मैं किंग नहीं, किंग मेकर बनना चाहता हूं।
पार्टी किसान, नौजवान, रोजगार, महंगाई और ग्रामीण भारत से जुड़े सवालों को उठाएगी। गांधी गांधी जयंती पर ग्राम स्वराज के विचार को लेकर गांवों में जाएगी। उन्होंने वर्ष 2029 में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनवाने के लिए काम करने की भी बात कही।
