यूपी में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज, 16 से 19 सितंबर तक मास्टर ट्रेनरों को दी जाएगी ट्रेनिंग
जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियों के तहत उत्तर प्रदेश के 31 जिलों के मास्टर ट्रेनरों को लखनऊ में 16 से 19 सितंबर तक चार दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज।
31 जिलों के मास्टर ट्रेनरों को मिलेगा प्रशिक्षण।
प्रशिक्षण 16 से 19 सितंबर तक लखनऊ में होगा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। जनगणना-2027 के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना (पीई) की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसके लिए उत्तर प्रदेश के 31 जिलों से नामित मास्टर ट्रेनरों को चार दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण 16 से 19 सितंबर तक दीन दयाल उपाध्याय राज्य ग्रामीण विकास संस्थान (डीडीयू-एसआईआरडी) लखनऊ में होगा।
प्रशिक्षण से एक दिन पहले 15 सितंबर को ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें सभी मास्टर ट्रेनरों की उपस्थिति अनिवार्य होगी।
आगरा, अलीगढ़, अयोध्या, आजमगढ़, बाराबंकी, बरेली, बस्ती, बिजनौर, बुलंदशहर, फिरोजाबाद, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, गाजीपुर, गोरखपुर, हरदोई, जौनपुर, झांसी, कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, लखनऊ, मथुरा, मेरठ, मुरादाबाद, प्रतापगढ़, फतेहपुर, प्रयागराज, सहारनपुर, शाहजहांपुर, सीतापुर, उन्नाव और वाराणसी के नामित मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण में शामिल होंगे।
प्रशिक्षण पूरा करने के बाद ये मास्टर ट्रेनर अपने-अपने जिलों में जनगणना कार्य के लिए नियुक्त किए जाने वाले फील्ड ट्रेनरों को जिला मुख्यालय पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण देंगे।
जनगणना कार्य निदेशालय ने सभी अपर जिलाधिकारियों एवं जिला जनगणना अधिकारियों से कहा है कि नामित मास्टर ट्रेनरों को निर्धारित प्रारूप में नियुक्ति पत्र जारी किया जाए। साथ ही उन्हें चार दिवसीय प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से शामिल होने के निर्देश दिए जाएं।
