यूपी में घटा गंगा-यमुना का जलस्तर, फिर भी बरकरार है बाढ़ का खतरा
उत्तर प्रदेश में गंगा-यमुना सहित प्रमुख नदियों का जलस्तर कुछ स्थानों पर घटने लगा है, लेकिन बाढ़ का खतरा अभी ...और पढ़ें
-1787981476734_m-1788291219282_m.webp)
प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
गंगा-यमुना का जलस्तर घटा, फिर भी बाढ़ का खतरा बरकरार।
कई जिलों में नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रहीं।
बाढ़ से जनजीवन प्रभावित, फसलें जलमग्न, कुछ मौतें भी हुईं।
जागरण टीम, लखनऊ। प्रदेश में गंगा-यमुना समेत प्रमुख नदियों का जलस्तर कुछ स्थानों पर घटने लगा है, लेकिन बाढ़ का खतरा अभी टला नहीं है। प्रयागराज में मंगलवार को गंगा चार और यमुना 11 सेंटीमीटर घटीं। इसके बावजूद कई मोहल्लों और गांवों में पानी भरा है। 11 स्थानों पर नावों से आवागमन हो रहा है।
वाराणसी में गंगा चेतावनी बिंदु से तीन सेंटीमीटर ऊपर 70.29 मीटर पर लगभग स्थिर हैं। घाटों के बाद पानी गलियों और सड़कों तक पहुंच गया है। वरुणा में पलट प्रवाह से कई घरों में पानी घुस गया और गांवों का संपर्क कट गया है। सुरक्षा के कारण नाव संचालन रोककर जल पुलिस और ड्रोन से निगरानी की जा रही है।
बलिया में गंगा खतरे के निशान से 1.185 मीटर ऊपर 58.80 और गाजीपुर में 15 सेंटीमीटर ऊपर 63.260 मीटर पर हैं। मीरजापुर के 13 गांवों तक बाढ़ का पानी पहुंच गया है। चंदौली में बांधों से पानी छोड़े जाने से कई नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। आजमगढ़ में 24 घंटे में गंगा 11 सेंटीमीटर बढ़ी। फर्रुखाबाद में गंगा पांच सेंटीमीटर घटकर 136.65 मीटर पर पहुंच गई, जबकि रामगंगा में 10 सेंटीमीटर बढ़ाव दर्ज हुआ।
उन्नाव में हजारों बीघा फसल जलमग्न है। कानपुर देहात में कच्चा मकान गिरने से सात माह की बच्ची की मौत हो गई। सोनभद्र में रिहंद बांध का जलस्तर अधिकतम सीमा पार करने पर फाटक खोलकर 10,400 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। गाजीपुर में दो बहनों के डूबने और मीरजापुर में दो लोगों के लापता होने से चिंता बढ़ गई है।
बहराइच व बाराबंकी में घाघरा खतरे के निशान से ऊपर
अवध क्षेत्र में बारिश के चलते घाघरा (सरयू) समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। बहराइच में घाघरा खतरे के निशान से एक सेंटीमीटर ऊपर 106.08 मीटर पर बह रही है। छह गांव बाढ़ की चपेट में हैं। बाराबंकी में भी घाघरा खतरे के निशान से तीन सेंटीमीटर ऊपर है।
गोंडा में बाढ़ प्रभावित गांवों में 62 नावें लगाई गई हैं। लखीमपुर के तिकुनिया में मोहाना नदी के कटान से एक घर बह गया। सीतापुर में घाघरा व शारदा खतरे के करीब हैं। अयोध्या व अंबेडकरनगर में सरयू का जलस्तर बढ़ रहा है। अमेठी में कच्ची दीवार गिरने से सात वर्षीय बच्ची की मौत हुई, जबकि हरदोई में दीवार गिरने से वृद्ध की मृत्यु और चार लोग घायल हुए हैं।
