विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

योगी सरकार का बड़ा फैसला: 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त सफर

Published: Wed, 26 Aug 2026 12:10 AM (IST)

योगी सरकार ने 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा शुरू ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के लोक कल्याण संकल्प पत्र के एक और प्रमुख वादे को जमीन पर उतारते हुए योगी आदित्यनाथ सरकार ने 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को रोडवेज की बसों में निश्शुल्क यात्रा की सुविधा देने का निर्णय किया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना को स्वीकृति दे दी गई। इसके तहत 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाएं उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की सामान्य बसों में निश्शुल्क यात्रा कर सकेंगी।

प्रदेश में 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं की कुल संख्या एक करोड़ से अधिक है। अनुमान के मुताबिक प्रतिदिन करीब 88 हजार से अधिक महिलाएं इस सुविधा का लाभ उठा सकती हैं। इसके लिए सरकार पर हर महीने करीब 22.55 करोड़ रुपये का अतिरिक्त व्यय भार आएगा।

लोक भवन में आयोजित कैबिनेट की बैठक में कुल 27 प्रस्ताव रखे गए जिनमें 24 को स्वीकृति मिल गई। इनमें 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को रोडवेज की बसों में मुफ्त सफर संबंधी भी है।

परिवहन निगम पात्र महिलाओं को विशेष स्मार्ट कार्ड उपलब्ध कराएगा, जिससे उनकी पहचान और निशुल्क यात्रा की व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित की जा सके। आगे चलकर स्मार्ट कार्ड व्यवस्था के जरिए योजना के वास्तविक लाभार्थियों और यात्रा के आंकड़ों का बेहतर प्रबंधन भी संभव हो सकेगा।

फिलहाल, वोटर आइकार्ड या आधार कार्ड के जरिए बसों में मुफ्त सफर किया जा सकेगा। सरकार का मानना है कि 60 वर्ष की उम्र के बाद महिलाओं के लिए नियमित आवागमन का खर्च कई परिवारों में अतिरिक्त आर्थिक बोझ बनता है। निश्शुल्क बस यात्रा की सुविधा से इस खर्च में सीधे राहत मिलेगी।

खासतौर पर ग्रामीण और छोटे शहरों में रहने वाली वरिष्ठ महिलाओं के लिए इसका महत्व अधिक होगा, जहां सार्वजनिक परिवहन रोजमर्रा के काम, स्वास्थ्य सेवाओं, सामाजिक गतिविधियों और पारिवारिक जरूरतों के लिए महत्वपूर्ण साधन है।

सरकार का यह निर्णय अगले वर्ष विधानसभा चुनाव की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। भाजपा ने लोक कल्याण संकल्प पत्र-2022 में 60 वर्ष से अधिक महिलाओं के लिए सार्वजनिक परिवहन में मुफ्त यात्रा का वादा किया था।

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार प्रदेश में 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं की संख्या 81 लाख थी, अब इनकी अनुमानित संख्या एक करोड़ से अधिक हो गई है।

इस निर्णय से उन वरिष्ठ महिलाओं को सबसे अधिक राहत मिलेगी, जिन्हें इलाज, परिवार या दूसरे जरूरी कामों से अक्सर एक स्थान से दूसरे स्थान जाना पड़ता है।

अब उन्हें रोडवेज की सामान्य बसों में आने-जाने के लिए किराया नहीं देना होगा। इस निर्णय से वरिष्ठ महिलाओं को आर्थिक राहत मिलेगी और वे सार्वजनिक परिवहन का आसानी से इस्तेमाल कर सकेंगी।

यह भी पढ़ें- योगी कैबिनेट का बड़ा फैसला: हरिद्वार तक विस्तारित होगा गंगा एक्सप्रेसवे, इस जिले के लोगों की बल्ले-बल्ले