Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यूपी में कांवड़ मार्गों पर बनेंगे विश्राम स्थल, पानी-सफाई और सुरक्षा को लेकर 'जीरो टॉलरेंस' के निर्देश

    Updated: Thu, 30 Jul 2026 08:35 PM (GMT+05:30)

    प्रदेश सरकार ने श्रावण माह में कांवड़ यात्रा और सावन मेले के लिए व्यापक तैयारियों के निर्देश दिए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा, 24 घंटे पेयजल, व ...और पढ़ें

    इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

    इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

    HighLights

    1. कांवड़ मार्गों पर 24 घंटे पेयजल और विश्राम स्थल।

    2. विशेष सफाई अभियान, मोबाइल शौचालय, बेहतर रोशनी।

    3. सुरक्षा निगरानी, अवैध कब्जे हटाना, खराब सड़कें दुरुस्त।

    राज्य ब्यूरो, लखनऊ। श्रावण माह में कांवड़ यात्रा, सावन मेला और अन्य धार्मिक आयोजनों को लेकर प्रदेश सरकार ने तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश सरकार ने साफ कर दिया है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

    इसके लिए कांवड़ मार्गों पर 24 घंटे पेयजल, जनसहयोग से विश्राम स्थल, मोबाइल शौचालय, विशेष सफाई, बेहतर रोशनी और कंट्रोल रूम से निगरानी समेत व्यापक इंतजाम सुनिश्चित करने के आदेश जारी किए गए हैं।

    प्रदेश सरकार ने कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी जिलाधिकारियों और नगरीय निकायों को व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रमुख सचिव नगर विकास पी. गुरुप्रसाद की ओर से जारी शासनादेश में कहा गया है कि कांवड़ मार्गों और शिवालयों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया जाए और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न रहने दी जाए।

    चलेंगे विशेष सफाई अभियान

    नगरीय निकाय प्रतिदिन सुबह पांच बजे से आठ बजे तक विशेष सफाई अभियान चलाएंगे। जलभराव वाले स्थानों को चिह्नित कर तत्काल पानी निकाला जाएगा तथा मच्छरों की रोकथाम के लिए एंटीलार्वा का छिड़काव और फागिंग कराई जाएगी।

    श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कांवड़ मार्गों और शिविर स्थलों पर महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग जनसुविधाएं विकसित की जाएंगी। जरूरत के अनुसार मोबाइल शौचालय लगाए जाएंगे, जिनकी दिन में दो बार सफाई होगी। शुद्ध पेयजल की 24 घंटे उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ कांवड़ मार्गों पर स्ट्रीट लाइट की पर्याप्त व्यवस्था भी की जाएगी। जनसहयोग से रात्रि विश्राम स्थलों का भी निर्माण कराया जाएगा।

    सरकार ने कांवड़ मार्गों, फुटपाथों और पार्किंग स्थलों से अवैध कब्जे हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। डीजे का संचालन केवल शासन द्वारा निर्धारित ध्वनि मानकों के अनुरूप ही किया जा सकेगा। प्रमुख मंदिरों के आसपास पर्याप्त संख्या में डस्टबिन रखवाए जाएंगे, ताकि कूड़ा-कचरा इधर-उधर न फैले और स्वच्छता बनी रहे।

    खबरें और भी

    खतरनाक स्थानों को तुरंत कराया जाएगा दुरुस्त  

    सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कांवड़ मार्गों की निगरानी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से की जाएगी। खराब सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाएगी, जबकि खुले मेनहोल, चैंबर और अन्य खतरनाक स्थानों को तुरंत दुरुस्त कराया जाएगा।

    यदि किसी स्थान की तत्काल मरम्मत संभव नहीं होती है तो वहां बैरिकेडिंग कर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। अधिकारियों से सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।