UP Weather Today: लखनऊ समेत पूर्वी और पश्चिमी यूपी में आज से भारी बारिश, IMD ने 30 जिलों के लिए जारी किया अलर्ट
प्रदेश में मानसून सक्रिय है और 30 से अधिक जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे तापमान में 7 डिग्री तक गिरावट आएगी। लखनऊ समेत पूर्वी औ ...और पढ़ें

मेरठ, हापुड़ और देवरिया समेत 30 से अधिक जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी। जागरण
HighLights
30 से अधिक जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट।
तापमान में सात डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना।
लखनऊ समेत पूर्वी-पश्चिमी यूपी में तेज हवाएं, वज्रपात।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। प्रदेश में मानसून मजबूती से आगे बढ़ रहा है। पिछले तीन दिन से राज्य में हो रही बारिश से भीषण गर्मी और उमस से काफी राहत मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार से पूरब से पश्चिम तक करीब 30 जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि इतने ही जिलों में 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ वज्रपात के भी पूर्वानुमान हैं। लखनऊ में भी गुरुवार और शुक्रवार को बहुत भारी बारिश की चेतावनी है।
चित्रकूट में खूब बरसे बादल
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, एक सक्रिय निम्न दबाव का क्षेत्र और मानसूनी ट्रफ के प्रभाव से प्रदेश में अगले तीन दिन तक बारिश का दौर जारी रहेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश के वाराणसी, गोरखपुर, देवरिया, बलिया, आजमगढ़, प्रयागराज, अयोध्या और आसपास के जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, हापुड़, नोएडा, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बागपत, आगरा और आसपास के क्षेत्रों में भी तेज बारिश के साथ आंधी चलने की संभावना जताई गई है। वर्षा के कारण तापमान में सात डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आएगी।
बुधवार को चित्रकूट में सबसे अधिक 144 मिमी बारिश रिकार्ड की गई, जबकि बदायूं में 94 मिमी और सिद्धार्थनगर में 72.8 मिमी वर्षा हुई। कुल करीब 55 जिलों में हल्की से भारी बारिश हुई।
मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दिनों में जलभराव, बिजली गिरने और तेज हवा के कारण जनजीवन प्रभावित हो सकता है। निचले इलाकों में पानी भरने तथा यातायात बाधित होने की आशंका भी व्यक्त की गई है।
मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि चेतावनी के दिनों में खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था करें। आम लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, बिजली कड़कने के समय खुले स्थानों में न रहने तथा पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहने की अपील की गई है।
50 जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री से नीचे
पिछले दो-तीन दिन से मानसून की सक्रियता का असर अब दिखने लगा है। बुधवार को प्रदेश के 50 जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के नीचे पहुंच गया। पांच जिलों में तो दिन का पारा 30 डिग्री सेल्सियस के नीचे रिकार्ड किया गया। लखनऊ में अधिकतम पारा 33.6 और न्यूनतम 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा। अगले तीन दिन यही स्थिति रहेगी।