3 September Ka Mausam: पूर्वी यूपी में भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में फ्लैश फ्लड की चेतावनी
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तर प्रदेश में भारी बारिश जारी रहने की संभावना जताई है, जिससे पूर्वांचल और बुंदेलखंड के जिलों में बाढ़ व जलभराव का खतरा है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना।
पूर्वी यूपी के जिलों में बाढ़ व जलभराव का खतरा।
किसानों को फसलों की सुरक्षा और सावधानी बरतने की सलाह।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट के अनुसार, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश पर बने सुस्पष्ट निम्न दाब क्षेत्र और उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश से बांग्लादेश तक फैली ट्रफ रेखा के असर से उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर 16 सेमी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बरेली में 8 सेमी भारी बारिश दर्ज की गई है।
पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कैसा होगा मौसम का हाल
मौसम विभाग ने 2 और 3 सितंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तथा 2 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही 2 से 5 सितंबर के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में और 6-7 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बारिश का सिलसिला बना रहेगा।
इन जिलों में भारी बारिश और फ्लैश फ्लड का खतरा
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर, प्रयागराज, सोनभद्र और चित्रकूट जिलों के जल-ग्रहण क्षेत्रों में कम से मध्यम स्तर की अचानक बाढ़, जलभराव और निचले इलाकों में सतह पर पानी भरने का अलर्ट जारी किया है।
किसानों के लिए एडवाइजरी
मौसम विभाग ने किसानों को खड़ी फसलों, बागवानी तथा सब्जियों को सहारा (स्टेकिंग) देने और खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी सुनिश्चित करने की सलाह दी है। इसके अलावा, भारी बारिश के समय बिजली के उपकरणों का प्रयोग न करने, पेड़ों के नीचे आश्रय न लेने और तेज हवाओं व बिजली कड़कने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।
