14 August Ka Mausam: यूपी में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट, देखें कैसा रहेगा आपके जिले का मौसम
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
उत्तर प्रदेश में 13 से 18 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना।
पूर्वी और पश्चिमी यूपी में वज्रपात, आंधी-तूफान का अलर्ट।
मौसम विभाग ने जलभराव और नुकसान से बचने की सलाह दी।
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा आज जारी किए गए ताजा अपडेट के अनुसार, उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में आगामी हफ़्ते के दौरान भारी बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। पश्चिम बंगाल और उससे सटे इलाकों में बने निचले क्षोभ मंडल में सक्रिय मानसून गर्त के प्रभाव से प्रदेश भर में मानसूनी गतिविधियां तेज होंगी।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट
पूर्वी उत्तर प्रदेश में आजमगढ़ और बलिया सहित कई जिलोंं में 13 से 18 अगस्त के दौरान बारिश और कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 13 से 15 अगस्त के बीच कुछ इलाकों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बिजली गिरने की चेतावनी
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सहारनपुर और मेरठ समेत कई जिलों में 14 से 18 अगस्त के दौरान भारी बारिश होने के आसार हैं। विशेष रूप से 15 और 16 अगस्त को पश्चिमी यूपी में व्यापक पैमाने पर बारिश दर्ज की जा सकती है। 14 और 15 अगस्त को क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान आगरा के खैरागढ़ क्षेत्र में 7 सेमी भारी बारिश दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने जारी की एडवाइजरी
मौसम विज्ञानियों ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश और आंधी के कारण निचले इलाकों में जलभराव, कच्चे मकानों और दीवारों को आंशिक नुकसान व दृश्यता में कमी आ सकती है।
मौसम विभाग ने सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों। आकाशीय बिजली चमकने के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का प्लग निकाल दें और जलाशयों से दूर रहें। किसान अपने खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था रखें ताकि फसलों को नुकसान न पहुंचे।
