विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में युवाओं की पसंद बनेंगे खादी उत्पाद, डिजाइन से लेकर पैकैजिंग में होगा बड़ा बदलाव

Updated: Tue, 18 Aug 2026 07:32 PM (IST)

उत्तर प्रदेश सरकार खादी को युवाओं और नए बाजारों से जोड़ने के लिए उसके डिजाइन, ब्रांडिंग, पैकेजिंग और गुणवत्ता में बदलाव कर रही है। लखनऊ में हुई बैठक में 63 खादी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ आधुनिक तकनीकों और मार्केटिंग पर मंथन किया गया।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. खादी के डिजाइन, ब्रांडिंग और गुणवत्ता में बदलाव होगा।

  2. युवाओं और नए ग्राहकों को जोड़ने पर विशेष जोर।

  3. अंतरराष्ट्रीय बाजार में खादी को पहुंचाने की योजना।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। चरखे और हथकरघे से निकलने वाली खादी सिर्फ परंपरागत कपड़े तक सीमित नहीं रहेगी। बदलते फैशन और बाजार की मांग के मुताबिक खादी का डिजाइन, ब्रांडिंग, पैकेजिंग और गुणवत्ता बदली जाएगी। कोशिश है कि खादी अपनी पहचान कायम रखते हुए युवाओं की पसंद बने और देश-विदेश के बाजार में भी मजबूती से जगह बनाए।

मंगलवार को खादी व ग्रामोद्योग बोर्ड के सभागार में खादी की 63 संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इसमें खादी को आधुनिक तकनीक और नए डिजाइन से जोड़ने के साथ ही उसकी मार्केटिंग और ब्रांडिंग को मजबूत करने पर मंथन किया गया।

बैठक में परंपरा से प्रगति की ओर भविष्य बुनती खादी विषय पर प्रस्तुतीकरण किया गया। इसमें प्रदेश में खादी की मौजूदा स्थिति का आकलन और सर्वेक्षण करते हुए उसे आधुनिक जरूरतों के अनुरूप विकसित करने पर चर्चा हुई। खादी की मूल पहचान को बनाए रखते हुए उसके डिजाइन, ब्रांडिंग, विपणन, पैकेजिंग और गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए संस्थाओं से सुझाव भी लिए गए।

नए ग्राहकों को जोड़ने की तैयारी

खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान ने कहा कि खादी के विकास के लिए खादी संस्थानों, युवाओं, कारीगरों और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग जरूरी है। इस पर जोर दिया गया कि खादी के पुराने स्वरूप को बनाए रखते हुए उत्पादों में ऐसा बदलाव किया जाए, जिससे युवा और नए ग्राहक उससे जुड़ सकें।

बेहतर ब्रांडिंग और मार्केटिंग के जरिये प्रदेश की खादी को दूसरे राज्यों के साथ ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी पहुंचाने की योजना है। बैठक में खादी संस्थाओं ने क्षेत्रीय स्तर पर सामने आ रही समस्याओं और उनके समाधान के सुझाव भी साझा किए।

यह भी पढ़ें- 'युवा टीम' से 2029 को साधने के लिए नितिन नवीन ने बनाया प्लान, UP के इन धुरंधरों को मिली बिखरे वोटरों को जोड़ने की कमान

इस दौरान खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग के प्रमुख सचिव अनिल सागर, खादी व ग्रामोद्योग बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी शिशिर और संयुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी सिद्धार्थ यादव समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।