यूपी में मानसून का काउंटडाउन शुरू, प्रदेश में रविवार रात आंधी-बारिश के साथ एंट्री; मौसम विभाग ने दिया अटडेट
उत्तर प्रदेश में 30 जून से व्यापक मानसूनी बारिश की संभावना है, जिससे भीषण गर्मी और लू से राहत मिलेगी। पूर्वी यूपी में रविवार रात से मानसून दस्तक देगा ...और पढ़ें
-1782510164591_m.webp)
HighLights
30 जून से पूरे प्रदेश में व्यापक बारिश की संभावना।
पूर्वी यूपी में रविवार रात से मानसून की दस्तक।
बारिश से तापमान में 6-8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। प्रदेश में भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार रात से पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मानसून प्रवेश करेगा। इसके बाद 30 जून से तीन-चार दिनों तक प्रदेशभर में गरज-चमक के साथ व्यापक वर्षा होने की संभावना है।
पूर्वांचल के अधिकांश जिलों में भारी बारिश के आसार हैं, जबकि जुलाई के पहले सप्ताह तक मानसून पूरे प्रदेश में सक्रिय हो जाएगा।वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। बारिश शुरू होने के साथ अधिकतम तापमान में छह से आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इससे प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी और लू से बड़ी राहत मिलेगी।
शुक्रवार और शनिवार को 35 जिलों में तेज धूप, उमस और गर्म हवाओं का रहेगा असर
हालांकि, शुक्रवार और शनिवार को 35 जिलों में तेज धूप, उमस और गर्म हवाओं का असर बना रहेगा। मौसम विभाग ने कई जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को लखीमपुर खीरी प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बांदा 43 डिग्री सेल्सियस के साथ दूसरे स्थान पर रहा। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री और न्यूनतम 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी अधिक है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों के बाद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लू का असर समाप्त हो जाएगा और मानसूनी बारिश का दौर शुरू हो जाएगा।