यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 06, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
UP News: बंदी के भाग निकलने में दोषी जेलर निलंबित; डीजी जेल ने की कार्रवाई, विभागीय जांच का भी आदेश
उत्तर प्रदेश के जेल विभाग में लापरवाही बरतने के मामलों में दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। हरदोई जेल से बंदी के भाग निकलने के मामले में ...और पढ़ें

HighLights
- डीआईजी जेल लखनऊ रेंज को सौंपी गई पूरे प्रकरण की जांच
- हमीरपुर जेल में बंदी की आत्महत्या के मामले में हटाए गए अधीक्षक
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। जेल की सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतने के मामलों में दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। डीजी कारागार पीवी रामाशास्त्री ने हरदोई जेल से बंदी के भाग निकलने के मामले में जेलर विजय कुमार राय को निलंबित कर दिया है।
पूरे प्रकरण की जांच डीआईजी जेल लखनऊ रेंज को सौंपी गई है। इसके अलावा हमीरपुर जेल में विचाराधीन बंदी की आत्महत्या के मामले में लापरवाही के दोषी पाए गए जेल अधीक्षक गोविंद राम वर्मा को पद से हटाकर कारागार मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। उरई जेल के अधीक्षक नीरज देव को हमीरपुर जेल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
हरदोई जेल में निरुद्ध विचाराधीन बंदी संतकबीरनगर निवासी जयहिंद तीन सितंबर को अभिरक्षा से भाग निकला था। छह मई से हरदोई जेल में बंद जयहिंद को नियम विरुद्ध जेल के बाहर काम के लिए ले जाया गया था, जहां से वह भाग निकला था।
मामले में लापरवाही के दोषी जेलर विजय कुमार राय को निलंबित किए जाने के साथ ही उनके विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई की संस्तुति भी की गई है।
इसके अलावा हमीरपुर जेल में 22 अगस्त को विचाराधीन बंदी पप्पू उर्फ नफीस ने आत्महत्या कर ली थी। दुष्कर्म व हत्या के मामले में पप्पू नौ जून, 2019 से जेल में बंद था। जांच में लापरवाही के दोषी जेल अधीक्षक गोविंद राम वर्मा का पद से हटाया गया है।