यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 20, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
UP News: सुपरस्टार रजनीकांत ने CM योगी आदित्यनाथ से की भेंट,पैर छूकर लिया आशीर्वाद; साथ देखेंगे 'Jailer' फिल्म
UP News संस्कृति ही संस्कार की संवाहक होती है। दक्षिण भारत के सुपरस्टार रजनीकांत शनिवार को जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने पहुंचे तो इसका प्रत ...और पढ़ें

लखनऊ,राज्य ब्यूरो। संस्कृति ही संस्कार की संवाहक होती है। दक्षिण भारत के सुपरस्टार रजनीकांत शनिवार को जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने पहुंचे तो इसका प्रत्यक्ष उदाहरण देखने को मिला। योगी ने अतिथि देवो भव को चरितार्थ किया तो रजनीकांत ने उनके चरण छूकर संस्कृति व धर्म के प्रति अपनी श्रद्धा का भाव प्रकट किया। योगी का आशीर्वाद लिया।
योगी भी अतिथि रजनीकांत का अभिनंदन करने पांच कालिदास मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास के गेट तक पहुंचे थे। कार से उतरकर रजनीकांत जैसे मुख्यमंत्री योगी के सामने पहुंचे, पहले झुककर दोनों हाथों से उनके पैर छुए। योगी ने भी हाथ जोड़कर अभिवादन स्वीकार किया और पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। योगी उन्हें भीतर ले गए, जहां दोनों के बीच ग्रेटर नोएडा में बन रही फिल्म सिटी को लेकर चर्चा की और निवेश की इच्छा भी जताई।
रजनीकांत ने फिल्म सिटी के लिए योगी को शुभकामनाएं दीं। अब इंटरनेट मीडिया पर रजनीकांत की योगी के पैर छूते हुए तस्वीर खूब प्रसारित हो रही है। ट्विटर पर तस्वीर को साझा कर प्रशंसक भारतीय संस्कृति और संस्कारों को लेकर अपनी भावनाएं व्यक्त कर रहे हैं। रजनीकांत के एक ''योगी'' के प्रति दिखे समर्पण की खूब प्रशंसा भी हो रही है।
प्रशंसक कह रहे हैं कि जिस सुपरस्टार के करोड़ों दीवानें हों और उसका राजनीति से कोई सीधा सरोकार न हो, उसने मुख्यमंत्री योगी के चरण छूकर युवाओं को भारतीय संस्कार व परंपरा का बड़ा संदेश दिया है। रजनीकांत ने इससे पूर्व राजभवन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से भी शिष्टाचार भेंट की। रजनीकांत शुक्रवार रात अपनी फिल्म जेलर के प्रचार के लिए लखनऊ पहुंचे थे। शनिवार दोपहर उन्होंने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के साथ फीनिक्स पलासियो माल की तीसरी मंजिल पर स्थित सिनेमा हाल में जेलर फिल्म देखी।
खबरें और भी
हालांकि उपमुख्यमंत्री 50 मिनट फिल्म देखने के बाद चले गए। जबकि रजनीकांत ने शासन-प्रशासन के अधिकारियों के साथ पूरी फिल्म देखी। माल में रजनीकांत के पहुंचने से पहले ही प्रशंसकों व मीडिया का जमावड़ा था। फिल्म देखकर निकलने पर रजनीकांत के साथ सेल्फी लेने के लिए उनके प्रशंसक दौड़ते नजर आए। रजनीकांत ने नेल्सन दिलीप कुमार द्वारा निर्देशित फिल्म जेलर से दमदार वापसी की है। रजनीकांत ने कई भाजपा नेताओं से भी भेंट की। वहीं वे रविवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से भी शिष्टाचार भेंट करेंगे और अयोध्या जाएंगे।
मेरी सफलता के पीछे राम, शिव व देवी की कृपा है- रजनीकांत
मौर्य माल से बाहर निकलने पर पत्रकारों ने केशव प्रसाद मौर्य से जेलर फिल्म को लेकर सवाल किया, जिस पर मौर्य ने कहा कि रजनीकांत की फिल्म अच्छी न हो ऐसा हो ही नहीं सकता। रविवार को रजनीकांत के अयोध्या में रामलला के दर्शन करने जाने के प्रश्न पर मौर्य ने कहा कि रजनीकांत की सफलता के पीछे राम, शिव और देवी कृपा ही है।
ऐसे में उन्हें श्रीराम के दर्शन करने जाना ही चाहिए। रजनीकांत के इस दौरे को को लेकर सियासी मायने निकाले जाने के सवाल पर मौर्य ने कहा कि रजनीकांत दक्षिण भारत से जरूर हैं, लेकिन उनकी लोकप्रियता उत्तर भारत और पूरी दुनिया में है। कोई कुछ भी अर्थ निकाले, इसके लिए वह स्वतंत्र है।