NHM कर्मचारियों को बड़ी राहत: ट्रांसफर नीति मंजूर, बीमा-EPF और नियमित भर्ती में वरीयता की तैयारी
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मचारियों के लिए स्थानांतरण नीति लागू कर दी गई है। इसके साथ ही उन्हें ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
एनएचएम संविदा कर्मचारियों के लिए स्थानांतरण नीति लागू।
स्वास्थ्य बीमा, ईपीएफ, ग्रेच्युटी का लाभ मिलेगा।
नियमित भर्ती में वरीयता व आयु सीमा में छूट।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मचारियों की स्थानांतरण नीति लागू कर दी गई है। वहीं, स्वास्थ्य बीमा, कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) और ग्रेच्युटी का लाभ देने के लिए प्रदेश सरकार ने एनएचएम के राज्य बजट में प्रविधान किया है। प्रत्येक कर्मचारी और उसके परिवार को पांच लाख रुपये तक स्वास्थ्य बीमा देने की व्यवस्था भी प्रस्तावित है।
संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ के महामंत्री योगेश कुमार उपाध्याय ने बताया कि आठ से 16 अक्टूबर तक चले आंदोलन के बाद अधिकारियों के साथ हुई वार्ता के आधार पर मांगों पर कार्रवाई आगे बढ़ी है।
अब कर्मचारियों का तबादला किया जा सकेगा। इसके साथ ही संविदा कर्मचारियों को नियमित नियुक्तियों में वरीयता देने के लिए गठित समिति की रिपोर्ट आने के बाद कैबिनेट में प्रस्ताव लाए जाने की संभावना है।
इसमें अधिकतम 15 अंक तक वरीयता और आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट का प्रस्ताव विचाराधीन है। संघ ने शेष मांगों पर कार्रवाई के लिए नवंबर के अंत तक की समयसीमा तय की है।
यह भी पढ़ें- AI तकनीक से टीबी पर प्रहार: KGMU में आई पोर्टेबल एक्स-रे मशीन, गांवों-बस्तियों में भी होगी जांच
महामंत्री के मुताबिक, निर्धारित 30 कार्य दिवसों में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन फिर आंदोलन की रणनीति बनाएगा। कर्मचारियों की दीर्घकालिक मांगों में 10 वर्ष की संविदा सेवा पूरी कर चुके कर्मचारियों का नियमितीकरण भी शामिल है।