यूपी में बिजली सप्लाई बेहतर करने के लिए अब फीडरवार तैयार की होगी रिपोर्ट, हर दो घंटे में होगी चेकिंग
प्रमुख सचिव ऊर्जा रणवीर प्रसाद ने यूपी में बिजली आपूर्ति सुधारने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। अब हर जिले में बिजली की आवाजाही का ब्यौरा तैयार होगा।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
प्रत्येक जिले में बिजली की आवाजाही का ब्यौरा तैयार होगा।
हर दो घंटे में फीडरवार विद्युत आपूर्ति की रिपोर्ट बनेगी।
आगामी त्योहारों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रमुख सचिव ऊर्जा और पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष रणवीर प्रसाद ने बिजली आपूर्ति की स्थिति को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि प्रत्येक जिले में बिजली की आवाजाही का पूरा ब्यौरा तैयार किया जाए। उन्होंने कहा है कि विद्युत वितरण कंपनियों कंट्रोल रूम के माध्यम से हर दो घंटे में फीडरवार विद्युत आपूर्ति की रिपोर्ट तैयार करें।
रिपोर्ट में रोस्टरिंग (बिजली काटने) की जानकारी भी शामिल करें। यदि किसी कारणवश ब्रेकडाउन लिया गया है तो उसका विवरण भी रिपोर्ट में दर्ज किया जाए। अध्यक्ष द्वारा दी गई इस नई व्यवस्था से शहरों से लेकर गांवों तक विद्युत आपूर्ति में सुधार की उम्मीद की जा रही है।
पावर कारपोरेशन अध्यक्ष का कार्यभार संभालने के बाद रणवीर प्रसाद ने मंगलवार को पहली ही समीक्षा बैठक में अधिकारियों को बिजली आपूर्ति बेहतर बनाए रखने का संदेश दिया। डिस्कामों के प्रबंध निदेशकों से कहा कि विद्युत आपूर्ति की प्रतिदिन समीक्षा करें, इस रिपोर्ट को मुख्यालय भेजें। रिपोर्ट में जिलेवार और फीडरवार जानकारी होनी चाहिए, ताकि जब भी किसी फीडर की जानकारी मांगी जाए उसे तुरंत उपलब्ध कराया जा सके।
अधिकारियों को दिए निर्देश
उन्होंने कहा कि सभी क्षेत्रों में निर्धारित शिड्यूल के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए युद्ध स्तर पर प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कोयले की कमी से भविष्य में विद्युत संकट से बचने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। विद्युत वितरण व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए स्पष्ट कार्ययोजना के साथ परिणाम देने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
यह भी पढ़ें- यूपी के 41424 होमगार्ड अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी, ट्रेनिंग के लिए 1000000 कारतूस खरीदेगी योगी सरकार
उन्होंने नगरीय, तहसील और ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की स्थिति, फीडर मीटरों के आंकड़ों और वितरण व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मानकों की जानकारी ली। कहा कि फीडर स्तर के आंकड़ों का नियमित विश्लेषण करते हुए जहां भी कमियां सामने आएं, वहां तुरंत सुधारात्मक कार्रवाई की जाए।
यह भी पढ़ें- यूपी के बुजुर्गों को योगी सरकार का बड़ा तोहफा: 75 जिलों के वृद्धाश्रमों के लिए तैयार किया बड़ा प्लान
अधिकारियों से कहा कि आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए प्रभावी योजना बनाएं, ताकि त्योहारों के समय निर्बाध विद्युत आपूर्ति की जा सके। उन्होंने बिजनेस प्लान के कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। शक्ति भवन में हुई इस समीक्षा बैठक में कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक नितीश कुमार और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
