यूपी में कल का मौसम कैसा रहेगा? 20 से अधिक जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, आंधी-तूफान की भी चेतावनी
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का दौर जारी है, जिसमें 20 से अधिक जिलों में मूसलाधार बारिश और जलभराव का अलर्ट है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
उत्तर प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में भारी बारिश का अलर्ट।
तेज हवाओं के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है।
अक्टूबर के पहले सप्ताह से मानसून की विदाई शुरू होगी।
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों का फिर बारिश का दौर जारी है। वहीं, कई जिलों में तेज हवाओं के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। इसके साथ ही, मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का अलर्ट भी जारी किया है। उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ से सटे इलाकों में बने डिप्रेशन के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई है।
आने वाले 24 घंटे में प्रदेश के 20 से ज्यादा जिलों में भारी बारिश और जलभराव से बाढ़ जैसी स्थिति पैदा होने का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पिछले 24 घंटे में यूपी के कई जिलों में 21 सेमी या उससे अधिक बारिश दर्ज की गई।
यूपी में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्से में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही, कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी है।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
राजधानी में शुक्रवार शाम छह बजे तक 86.6 मिमी बारिश हुई। करीब 40 जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे बना रहा। श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
जबकि, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल और बदायूं में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश का असर रविवार तक बने रहने की संभावना है। सोमवार से मौसम में सुधार शुरू हो सकता है और धूप निकलने के आसार हैं। अक्टूबर के पहले सप्ताह से प्रदेश में मानसून की विदाई की प्रक्रिया शुरू होगी।
