यूपी में 3 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राओं को मिलेगी स्कॉलरशिप, योगी सरकार ने किया एलान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर वित्तीय वर्ष 2025-26 में तकनीकी कारणों से छात्रवृत्ति से वंचित 3.16 लाख विद्यार्थियों के लिए पोर्टल 1 सितंबर से फिर खुलेगा।
-1776358794131-1787234726770_m.webp)
सीएम योगी आदित्यनाथ
HighLights
3.16 लाख वंचित छात्रों को मिलेगा छात्रवृत्ति का अवसर।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पोर्टल खोलने के दिए निर्देश।
छात्रवृत्ति का भुगतान 29 सितंबर से 2 अक्टूबर के बीच होगा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। वित्तीय वर्ष 2025-26 में तकनीकी कारणों से दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति से वंचित रह गए पात्र छात्र-छात्राओं को लाभ एक और अवसर मिल गया है।
समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छात्रवृत्ति से वंचित विद्यार्थियों के लिए आवेदन पोर्टल तत्काल खोलने और हर हाल में दो अक्टूबर तक छात्रवृत्ति की धनराशि प्रदान करने के निर्देश दिए। जिसके बाद विभाग ने एक सितंबर से छात्रवृत्ति पोर्टल दोबारा खोलने का निर्णय लिया है।
अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, सामान्य वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग समेत सभी पात्र छात्र-छात्राओं को इसका लाभ मिलेगा। छात्रवृत्ति की धनराशि सीधे विद्यार्थियों बैंक खातों में भेजी जाएगी और भुगतान 29 सितंबर से दो अक्टूबर तक किया जाएगा।
जल्द दिया जाएगा छात्र-छात्राओं को लाभ
गुरुवार को समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्रवृत्ति वितरण में आने वाली तकनीकी और प्रक्रियागत कठिनाइयों का त्वरित समाधान कर पात्र विद्यार्थियों को अवसर उपलब्ध कराया जाए।
विभाग के अनुसार वर्ष 2025-26 में तकनीकी कारणों से 3,16,057 छात्र-छात्राएं छात्रवृत्ति से वंचित रहे। इनमें शासकीय संस्थानों के 31,836, शासकीय सहायता प्राप्त संस्थानों के 37,795 और निजी संस्थानों के 2,46,426 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। वंचित छात्रों में सबसे बड़ी संख्या निजी संस्थानों के विद्यार्थियों की है।
समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने बताया कि सभी पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति का लाभ दिया जाएगा। प्रदेश सरकार का संकल्प है कि किसी भी बच्चे की पढ़ाई पैसे या तकनीकी बाधाओं से प्रभावित न हो।
यह भी पढ़ें- यूपी में विधवा पेंशन को लेकर आया बड़ा अपडेट, योगी सरकार ने 380 करोड़ किए मजूरी; सरकारी आदेश जारी
