यूपी के स्कूलों में छुट्टियां खत्म! 16 जून से पढ़ाई शुरू, जनगणना-तबादलों के बीच अवकाश बढ़ाने की मांग
16 जून से परिषदीय विद्यालय खुलने वाले हैं, लेकिन 90% शिक्षक जनगणना ड्यूटी में व्यस्त हैं, जो 20 जून तक चलेगी। शिक्षक संगठनों ने जनगणना और स्थानांतरण प ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद 16 जून से परिषदीय विद्यालय खुलने जा रहे हैं, लेकिन बड़ी संख्या में शिक्षक और शिक्षामित्र अभी जनगणना कार्य में लगे हुए हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि विद्यालय खुलने के बाद शिक्षण कार्य कैसे शुरू होगा?
शिक्षक संगठनों ने जनगणना और स्थानांतरण प्रक्रिया को देखते हुए विद्यालयों का अवकाश एक सप्ताह बढ़ाने की मांग की है। हालांकि, विभाग की ओर से फिलहाल विद्यालय खुलने की तिथि में किसी बदलाव के संकेत नहीं दिए गए हैं।
प्रदेश में 22 मई से जनगणना का कार्य चल रहा है, जो 20 जून तक निर्धारित है। शिक्षकों का कहना है कि लगभग 90 प्रतिशत शिक्षक और शिक्षामित्र जनगणना ड्यूटी में लगाए गए हैं। कई शिक्षकों के विद्यालय और जनगणना कार्यस्थल अलग-अलग स्थानों पर हैं।
इतना ही नहीं, कई शिक्षक अभी तक जनगणना से संबंधित नक्शे भी जमा नहीं कर पाए हैं। ऐसे में 16 से 20 जून के बीच विद्यालयों में शिक्षण कार्य कौन करेगा, यह बड़ा सवाल बना हुआ है।
दूसरी ओर, बेसिक शिक्षा विभाग ने विशेष आवश्यकता वाले शिक्षकों के अंतरजनपदीय स्थानांतरण के लिए 20 जून तक आवेदन मांगे हैं। यह प्रक्रिया वर्तमान में चल रही है।
कुछ शिक्षक नेताओं का कहना है कि अंतरजनपदीय स्थानांतरण की प्रक्रिया सामान्यतः ग्रीष्मकालीन या शीतकालीन अवकाश के दौरान ही पूरी की जाती है, ताकि शिक्षण कार्य प्रभावित न हो।