'देश के शीर्ष तीन राज्यों में शामिल होगा यूपी', पर्यटन मंत्री ने दिए विकसित उत्तर प्रदेश विजन-2047 पर काम के निर्देश
विकसित उत्तर प्रदेश विजन-2047 के तहत पर्यटन क्षेत्र के बुनियादी ढांचे के विस्तार, निवेश बढ़ाने और विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित करने की गति और तेज की जा ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विकसित उत्तर प्रदेश विजन-2047 के तहत पर्यटन क्षेत्र के बुनियादी ढांचे के विस्तार, निवेश बढ़ाने और विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित करने की गति और तेज की जाएगी। बुधवार को पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने विभागीय लक्ष्यों को लेकर हुई बैठक में यह निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पर्यटन को एक मजबूत ग्रोथ इंजन के रूप में विकसित किया जाना है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डालर तक पहुंचाने में पर्यटन के योगदान को बढ़ाने के लक्ष्य को भी ध्यान में रखकर काम किया जाए। यूपी को देश के शीर्ष तीन पर्यटन राज्यों में शामिल कराना है।
पर्यटन भवन में हुई बैठक में पर्यटन के लिए तय किए गए अल्पकालिक, मध्यमकालिक और दीर्घकालिक लक्ष्यों को लेकर प्रस्तुति दी गई। इसमें वर्ष 2047 तक राज्य की जीवीए (ग्रास वैल्यू एडेड) में पर्यटन क्षेत्र का योगदान मौजूदा 1.2 प्रतिशत से बढ़ाकर 2047 तक पांच प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक प्रदेश में आने वाले पर्यटकों की संख्या को 100 करोड़ और इनमें विदेशी पर्यटकों की संख्या 45 लाख से अधिक तक पहुंचाने का भी लक्ष्य है। साथ ही विदेशी पर्यटकों के ठहरने की औसत अवधि, प्रति पर्यटक खर्च, हवाई यात्री यातायात, पर्यटन से जुड़े रोजगार में वृद्धि के लिए लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। धार्मिक पर्यटन के साथ विरासत पर्यटन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
खबरें और भी
सितारा होटल, होम स्टे से लेकर बेहतर कनेक्टिविटी सहित अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। बैठक में मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी, अपर मुख्य सचिव पर्यटन अमृत अभिजात, महानिदेशक डा. वेदपति मिश्रा, विशेष सचिव ईशा प्रिया, यूपीएसटीडीसी के एमडी आशीष कुमार आदि उपस्थित थे।