यूपी में गर्मी का टॉर्चर: लखनऊ समेत 35 जिलों में लू का अलर्ट, रविवार से मिलेगी गर्मी से राहत
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, जिसमें 35 जिलों के लिए लू की चेतावनी जारी की गई है। रविवार से मौसम में बदलाव और बूंदाबांदी की संभावना ह ...और पढ़ें

गर्मी से बचाव के लिए पानी पीते राहगीर। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, लखनऊ। प्रदेशभर में गर्मी का सितम जारी है। पूरब से लेकर पश्चिमी इलाके लू की चपेट में हैं। बुंदेलखंड और मध्यप्रदेश से सटे कुछ दक्षिणी जिलों में गर्म हवा और लू के थपेड़ों ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
माैसम विभाग के अनुसार, बुधवार से शनिवार तक राज्य के 35 जिलों में लू की चेतावनी जारी की गई है। हालांकि, रविवार से मौसम फिर से बदलने के पूर्वानुमान हैं।
अगले चार दिन भीषण गर्मी से राहत नहीं
मंगलवार को 44.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ बांदा प्रदेश में सर्वाधिक गर्म रहा, जबकि 43.4 डिग्री के साथ सुल्तानपुर लगातार तीसरे दिन तपिश के मामले में प्रदेश में दूसरे नंबर पर रहा। प्रयागराज में 43.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। लखनऊ में दिन के तापमान में करीब 1.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। यहां अधिकतम पारा 40.1 डिग्री और न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अगले 24 घंटे में 43 डिग्री सेल्सियस पहुंचने के आसार हैं।
रविवार से सक्रिय होगा नया विक्षोभ तो बदलेगा मौसम
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि यूपी में शुष्क पछुआ हवा के चलते कई जिलों में लू चलने की स्थिति बनी है, लेकिन रविवार से एक नए विक्षोभ के सक्रिय होने से बादलों की सक्रियता बढ़ सकती है, जिससे कई जिलों में बूंदाबांदी की भी संभावना है। इस दौरान भीषण गर्मी से भी कुछ राहत मिल सकती है।
इन जिलों में चलेगी लू
लखनऊ, प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशांबी, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अमेठी. सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, पीलीभीत, शाहजहांपुर व आसपास के जिलों में लू चलने के पूर्वानुमान हैं।