यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 28, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
UP Weather News: मानसून में गर्मी और उमस छुड़ाएगी पसीने, लखनऊ और आसपास के जिलों में रहेगा बादलों का डेरा
UP Weather News In Hindi Today मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को लखनऊ और आसपास के जिलों में ...और पढ़ें

HighLights
- मौसम रहेगा साफ, बढ़ेगा तापमान
- गर्मी और उमस छुड़ाएगी पसीने
लखनऊ, जागरण संवाददाता। बीते सप्ताह लगातार हुई बारिश के बाद अब मौसम साफ होने लगा है। रविवार की सुबह से ही हल्की-फुल्की धूप से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश की ज्यादातर हिस्सों में आगामी सप्ताह भर पछुआ हवाएं चलेंगी और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।
मौसम के शुष्क रहने के आसार
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसूनी हवा में कम दबाव का क्षेत्र प्रदेश से निष्क्रिय हो चुका है। अब पश्चिमी हवाएं लखनऊ समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सक्रिय हैं। इसके चलते प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहेगा और आसमान साफ रहने से तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। वहीं तराई बेल्ट से जुड़े कुछ जिलों में हल्की फुल्की बारिश होने के आसार हैं।
प्रदेश भर में मौसम रहा साफ
रविवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। प्रदेश भर में मौसम साफ रहा। इसके चलते अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री तक की बढ़त भी दर्ज की गई। सर्वाधिक तापमान कानपुर में 35.6 डिग्री और आगरा में 35.3 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। वहीं, प्रदेश के न्यूनतम तापमान की बात की जाए तो सबसे कम तापमान फतेहपुर में 24 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया।
